क्या आपने कभी सोचा है कि पूरा का पूरा टापू अपनी मिल्कियत में हो? फिलीपींस में ऐसा मौका अब हाथों-हाथ मिल रहा है. रोम्बलोन प्रांत के ताबलास आइलैंड के पास एक प्राइवेट ओशनफ्रंट एस्टेट 1.3 मिलियन डॉलर यानी करीब 12 करोड़ रुपये में बिक रहा है. यह प्रॉपर्टी लगभग 2.38 एकड़ (करीब 9643 वर्ग मीटर) में फैली हुई है और इसमें पहले से 12 इमारतें बनी हुई हैं.

सोशल मीडिया और रियल एस्टेट लिस्टिंग्स पर यह ऑफर चर्चा में है क्योंकि इतने बजट में पूरा टापू जैसा अनुभव मिल रहा है. सॉथबीज इंटरनेशनल रियल्टी जैसी एजेंसियों पर लिस्टेड इस प्रॉपर्टी को स्टनिंग ओशनफ्रंट एस्टेट बताया गया है. ताबलास आइलैंड के पश्चिमी तट पर स्थित यह जगह नाटकीय चट्टानों, पैनोरमिक समुद्री नजारों और हरे-भरे ट्रॉपिकल लैंडस्केप से घिरी है. करीब 273 मीटर का ओशन फ्रंटेज है. सफेद रेत वाले बीच और क्रिस्टल क्लियर पानी इसे और आकर्षक बनाते हैं.


मिलेगी कई फैसिलिटी

लिस्टिंग के मुताबिक यहां मेन रेजिडेंस, गेस्ट विला, स्टाफ एकॉमोडेशन और यूटिलिटी बिल्डिंग्स सहित कुल 12 स्ट्रक्चर हैं जो लगभग 902 वर्ग मीटर के बिल्ट-अप एरिया में फैले हैं. खरीदार को ये सारी इमारतें तैयार मिलेंगी. प्राइवेट स्विमिंग पूल, छायादार लाउंज एरिया, लैंडस्केप्ड गार्डन और सनसेट पॉइंट जैसी सुविधाएं मौजूद हैं.

बीच तक पहुंचने के लिए प्राइवेट सीढ़ियां और बोटहाउस भी है. स्टारलिंक हाई-स्पीड इंटरनेट, अंडरग्राउंड इलेक्ट्रिकल सिस्टम, पानी का रिजर्वॉयर और डीप वेल जैसी आधुनिक सुविधाएं पहले से लगी हुई हैं. इसे प्राइवेट रिट्रीट, बुटीक रिजॉर्ट या वेलनेस एस्केप के रूप में विकसित किया जा सकता है.

बढ़ रही है डिमांड

फिलीपींस में प्राइवेट आइलैंड या ऐसे ओशनफ्रंट प्रॉपर्टी खरीदना कई लोगों का सपना होता है. मनीला और बोराके से कनेक्टिविटी अच्छी है इसलिए यह जगह एकांत और सुविधा दोनों देती है. टूरिज्म की दृष्टि से रोम्बलोन और ताबलास क्षेत्र में संभावनाएं बढ़ रही हैं. सस्ते बजट में इतनी बड़ी और तैयार प्रॉपर्टी मिलना ही इसे खास बना रहा है.

बड़े शहरों में एक अच्छा घर खरीदने के बराबर के पैसे में पूरा एस्टेट मिल रहा है. लेकिन खरीदने से पहले शर्तें और कानूनी पहलू समझना जरूरी है. फिलीपींस में विदेशी नागरिक सीधे जमीन के मालिक नहीं बन सकते. संविधान के अनुसार भूमि का स्वामित्व केवल फिलिपिनो नागरिकों या कम से कम 60 प्रतिशत फिलिपिनो हिस्सेदारी वाली कंपनी के पास हो सकता है.

विदेशी खरीदार आमतौर पर 40 प्रतिशत तक की हिस्सेदारी वाली कॉरपोरेशन बनाकर प्रॉपर्टी खरीदते हैं. लीजहोल्ड व्यवस्था भी एक विकल्प हो सकता है. टाइटल क्लियर होना, टैक्स और अन्य दस्तावेज जांचवाना अनिवार्य है. लोकल वकील और रियल एस्टेट एक्सपर्ट की मदद लेना समझदारी होगी.

प्रॉपर्टी टाइटल वाली है और वर्तमान में लक्जरी प्राइवेट रेजिडेंस के रूप में सेट है. फर्नीचर और कस्टम हार्डवुड-मार्बल पीस भी शामिल बताए गए हैं. खरीदार चाहे तो इसे अपनी निजी छुट्टियों वाली जगह रख सकता है या रिजॉर्ट बनाकर आमदनी का जरिया बना सकता है.

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *