दुर्ग पुलिस ने ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र के ठाणे में चल रहे दो ऑनलाइन सट्टा पैनल का भंडाफोड़ किया है। वैशाली नगर पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने किराए के फ्लैट में दबिश देकर 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी म्यूल बैंक खातों के जरिए करोड़ों रुपये का लेन-देन कर रहे थे।

पुलिस को सूचना मिली थी कि ठाणे में किराए के फ्लैट से ऑनलाइन सट्टेबाजी का नेटवर्क संचालित किया जा रहा है। इसके बाद दुर्ग से टीम गठित कर महाराष्ट्र भेजी गई। जांच के दौरान ठिकाने की जानकारी मिलने पर संयुक्त टीम ने फ्लैट में दबिश दी, जहां दो ऑनलाइन सट्टा पैनल संचालित होते मिले।


कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 31 मोबाइल फोन, 4 लैपटॉप, 12 एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक और वाई-फाई उपकरण समेत अन्य सामान जब्त किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अलग-अलग म्यूल बैंक खातों के माध्यम से करोड़ों रुपये का ट्रांजैक्शन कर रहे थे। पुलिस अब जब्त किए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और बैंक खातों की जांच कर रही है।

साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन हैं और इसके जरिए कितनी रकम का लेन-देन किया गया है। दुर्ग पुलिस के मुताबिक, मामले में आरोपियों से पूछताछ जारी है और पूरे नेटवर्क की वित्तीय कड़ियों को खंगाला जा रहा है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि ऑनलाइन सट्टा पैनल का संचालन कहां-कहां से किया जा रहा था और इसके पीछे मुख्य संचालक कौन हैं।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *