SBI SCO Recruitment 2026: भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने स्पेशलिस्ट कैडर ऑफिसर (SCO) के 20 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं. इस भर्ती के तहत चीफ मैनेजर (डेटा साइंटिस्ट), मैनेजर (डेटा साइंटिस्ट) और डिप्टी मैनेजर (डेटा साइंटिस्ट) के पदों को भरा जाएगा. इन पदों पर नियुक्ति नियमित आधार पर की जाएगी. योग्य और इच्छुक उम्मीदवार बैंक की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से 10 दिसंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. उम्मीदवारों को ध्यान देना होगा कि वे एक से अधिक पदों के लिए आवेदन नहीं कर सकते.

पदों का विवरण

एसबीआई की इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से कुल 20 पद भरे जाएंगे. इनमें चीफ मैनेजर (डेटा साइंटिस्ट) के 2 पद, मैनेजर (डेटा साइंटिस्ट) के 14 पद और डिप्टी मैनेजर (डेटा साइंटिस्ट) के 4 पद शामिल हैं.


शैक्षणिक योग्यता

इन पदों के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से संबंधित विषय में BE, BTech या MTech की डिग्री होनी चाहिए. इसके अलावा डेटा साइंस, स्टैटिस्टिक्स या कंप्यूटर साइंस में MSc, स्टैटिस्टिक्स में MA, मास्टर ऑफ स्टैटिस्टिक्स (MStat) और मास्टर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशंस (MCA) की डिग्री रखने वाले उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं.

उम्मीदवारों के लिए स्नातक और स्नातकोत्तर दोनों स्तरों पर न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक या समकक्ष ग्रेड हासिल करना अनिवार्य है.

आयु सीमा और अनुभव

चीफ मैनेजर (डेटा साइंटिस्ट): उम्मीदवारों की आयु 27 से 37 वर्ष के बीच होनी चाहिए. साथ ही AI और मशीन लर्निंग के क्षेत्र में कम से कम छह साल का अनुभव जरूरी है. इसमें Python आधारित LLM, GenAI या Agentic AI एप्लीकेशन विकसित करने का कम से कम दो साल का अनुभव शामिल होना चाहिए.

मैनेजर (डेटा साइंटिस्ट): इस पद के लिए आयु सीमा 26 से 36 वर्ष निर्धारित की गई है. उम्मीदवारों के पास AI और ML में कम से कम चार साल का अनुभव होना चाहिए. इसके अलावा LLM, GenAI या Agentic AI सॉल्यूशन विकसित करने का दो साल का अनुभव जरूरी है.

डिप्टी मैनेजर (डेटा साइंटिस्ट): आवेदन के लिए आयु सीमा 24 से 32 वर्ष है. उम्मीदवारों के पास संबंधित योग्यता हासिल करने के बाद कम से कम तीन साल का अनुभव होना चाहिए. इसमें एनालिटिक्स, AI, ML या GenAI में दो साल का पूर्णकालिक अनुभव और AI, ML, डीप लर्निंग या GenAI मॉडल विकसित करने का कम से कम एक साल का अनुभव अनिवार्य है.

चयन प्रक्रिया

उम्मीदवारों का चयन शॉर्टलिस्टिंग, ऑनलाइन लिखित परीक्षा और इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा. लिखित परीक्षा दिसंबर 2026 या जनवरी 2027 में आयोजित होने की संभावना है. परीक्षा में जनरल एप्टीट्यूड सेक्शन केवल क्वालिफाइंग होगा.

इसके अंक अंतिम मेरिट लिस्ट में नहीं जोड़े जाएंगे. परीक्षा में गलत उत्तर देने पर नेगेटिव मार्किंग भी नहीं होगी. इंटरव्यू 100 अंकों का होगा. अंतिम मेरिट लिस्ट केवल इंटरव्यू में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी. समान अंक होने की स्थिति में अधिक उम्र वाले उम्मीदवार को मेरिट में प्राथमिकता दी जाएगी.

Share on