


आर्ट कॉम का एक और सफल आयोजन
1200 पौधों का रोपण नगपुरा के प्राकृतिक चिकित्सा महाविद्यालय में




भिलाई नगर (न्यूज़ टी 20)। नगपुरा स्थित श्री महावीर प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग विज्ञान महाविद्यालय परिसर में आज सुबह वृक्षारोपण का कार्यक्रम आर्ट कॉम के तत्वावधान में संपन्न हुआ। लगभग 1200 पौधों के रोपण के लिए आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्र के लोकप्रिय सांसद विजय बघेल थे।
भारी बरसात से बाधित इस कार्यक्रम में प्रतीकात्मक पौधारोपण करने के बाद हुए एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विजय बघेल ने पेड़ और वृक्षारोपण की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एक पेड़ मां के नाम और हर आँगन एक पेड़ आज के समय की सबसे बड़ी जरूरत बन चुकी है । उन्होंने अपने उद्बोधन में कार्यक्रम के मुख्य आयोजक रमेश श्रीवास्तव और उनके परिजनों के समर्पण भाव की भी तारीफ की । अपने उद्बोधन में आर्ट कॉम के संयोजक निशु पांडेय द्वारा वृक्षारोपण के क्षेत्र में निरंतर सेवा के योगदान को भी उन्होंने याद किया ।
कार्यक्रम के दौरान ही वहां मौजूद विशाल और समर के जन्मदिन को भी सभी ने मिलजुल कर और केक काटकर मनाया। श्री बघेल में कहा कि आज वृक्षारोपण की शुरुआत तो हमने कर दी है , अब कॉलेज के बच्चों को 1200 पौधों के वृक्षारोपण की जिम्मेदारी को पूरा करना है और अगले साल मै फिर से आकर यह देखूंगा कि बच्चों ने इस काम में कितनी तन्मयता से अपनी भागीदारी निभाई है ।
कार्यक्रम के आयोजक रमेश श्रीवास्तव ने शुरुआत में कार्यक्रम के औचित्य के बारे में प्रकाश डालते हुए मुख्य अतिथि विजय बघेल सहित कॉलेज कैंपस में पधारे सभी साथियों का स्वागत किया ।
आर्ट कॉम के संयोजक निशु पांडेय ने बताया कि आज के कार्यक्रम में 12 00 पौधों का वृक्षारोपण किया जाना था किंतु बरसात की वजह से इसमें बड़ी बाधा आ गई।
उन्होंने यह भी बताया कि 5 एकड़ के इस विशाल प्रांगण में विभिन्न प्रजातियों के 1200 आम के पौधे लगाए जाएंगे और आने वाले समय में निश्चित रूप से दुर्ग जिले के आम अमेरिका तक भेजे जाएंगे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सांसद प्रतिनिधि प्रमोद सिंह , शारदा गुप्ता, विजय साहू ,कन्हैया सोनी , अभिजीत भट्टाचार्य, सुधीर बंसल , राजेश जैन , दीनू नैयर , परमजीत सिंह , चौहान इत्यादिं का विशेष योगदान रहा ।
