



छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की सामूहिक मौत के मामले में सात महीने बाद बड़ा खुलासा हुआ है। विशेष जांच दल (SIT) की जांच के बाद पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए मृतक परिवार के मुखिया साजिद अली को ही पत्नी और तीन बच्चों की हत्या का आरोपी बनाया है। पुलिस जांच के मुताबिक, साजिद ने पहले अपनी पत्नी और तीन बच्चों को कीटनाशक देकर मौत के घाट उतारा और फिर खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।
सट्टे के कारोबार में हुआ था भारी नुकसान
जांच में सामने आया है कि साजिद अली सट्टे के कारोबार से जुड़ा हुआ था। वह गोलबाजार और डगनिया इलाके में मोबाइल के जरिए सट्टा खिलाता था। बताया जा रहा है कि इस कारोबार में लगातार घाटा होने के कारण वह आर्थिक परेशानियों से जूझ रहा था। पुलिस जांच में साजिद और उससे जुड़े बैंक खातों में पिछले पांच वर्षों के दौरान करीब 70 लाख रुपये का लेनदेन सामने आया है। कारोबार बंद होने के बाद उसकी आर्थिक स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई थी।

आर्थिक तंगी को माना जा रहा सामूहिक मौत की वजह
SIT की जांच के अनुसार, सट्टे के कारोबार में नुकसान और बढ़ती आर्थिक तंगी के चलते साजिद मानसिक और आर्थिक दबाव में था। इसी परेशानी के चलते उसने पहले अपनी पत्नी और तीन बच्चों की हत्या की और बाद में खुद भी आत्महत्या कर ली।
सात महीने तक जांच के बाद सामने आई सच्चाई
इस मामले में पुलिस ने लंबे समय तक जांच की। इसके बाद SIT ने घटनाक्रम, आर्थिक लेनदेन और अन्य साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने साजिद अली को ही चार लोगों की हत्या का आरोपी माना है।
