



जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर चांपा जिले में जमीन को भारमुक्त बताकर 49.70 लाख की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी द्वारा एक जमीन का सौदा कर दूसरे को बेच दिया। इसी तरह दूसरी संपत्ति पर भी 20 लाख लेकर धोखाधड़ी किया। आरोपी का नाम हरिशंकर गुप्ता है, जिसे पुलिस ने जेल भेज दिया है।
जानिए पूरी घटना
जिले के थाना चांपा क्षेत्र का मामला थाना चांपा में प्रार्थी वरुण सोमानी निवासी तहसील रोड बरपाली चौक चांपा द्वारा शिकायत प्रस्तुत की गई थी। शिकायत के अनुसार आरोपी हरिशंकर गुप्ता उम्र 44 साल निवासी मारुति विहार कॉलोनी चांपा ने ग्राम पोड़ीकला स्थित कुल 22 खसरों की 4.95 एकड़ भूमि को भारमुक्त एवं विवादरहित बताकर 29.70 लाख रुपये में सौदा किया।

आरोपी ने पूरी रकम प्राप्त कर दिनांक 14.07.25 को विक्रय इकरारनामा निष्पादित कराया। बाद में आरोपी द्वारा उक्त भूमि में से 9 खसरों की कुल 2.37 एकड़ भूमि अन्य व्यक्ति को विक्रय कर रजिस्ट्री करा दी गई। शेष भूमि की रजिस्ट्री के लिए कहने पर आरोपी द्वारा लगातार टालमटोल की गई। राजस्व अभिलेखों की जांच में उक्त भूमि के बैंक में बंधक होने की जानकारी सामने आई।
इसी प्रकार आरोपी ने प्रार्थी के पिता से भी चांपा स्थित भूमि- मकान को भारमुक्त एवं विवादरहित बताकर 20 लाख रुपये प्राप्त किए थे। बाद में उक्त संपत्ति के भी बैंक में बंधक होने की जानकारी सामने आई। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना चांपा में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
विवेचना के दौरान एसपी विजय कुमार पाण्डेय IPS के निर्देश में तथा ASP जांजगीर डॉ. यूलैंडन यार्क के कुशल मार्गदर्शन में थाना चांपा पुलिस द्वारा जाँच कार्रवाई करते हुए आरोपी हरिशंकर गुप्ता को पकड़ा। जिसको घटना के संबंध में पूछताछ एवं आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया। इस कार्रवाई में निरीक्षक कमलेश कुमार सेन्डे थाना प्रभारी चांपा, प्रधान आरक्षक सुनील सिंह व थाना स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।
