



रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में किराए के मकान के अंदर मां-बेटे की लाश मिलने से सनसनी फैल गई है। एक का शव फर्स और दूसरे की लाश बिस्तर पर पड़ी थी। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस और एफएसएल की टीम पहुंची है और मामले की जांच की जा रही है।
जानिए पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, ये पूरा मामला गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के छोटा अशोक नगर का है। दिलीप मंडल के मकान में पिछले चार साल से जयजी देशमुख पति समीर देशमुख 52 वर्ष और बेटा हंसमुख देशमुख रहते थे। पिछले तीन दिनों से उनका कमरा अंदर से बंद था। कोई हलचल नहीं हो रही थी और मकान के अंदर से काफी बदबू भी आ रही थी।

आसपास के लोगों को किसी अनहोनी की आशंका हुई, जिसके बाद उन्होंने तत्काल इसकी सूचना गुढ़ियारी पुलिस को दी। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और अंदर से बंद दरवाजा को तोड़कर कमरे में पहुंची। इस दौरान महिला का शव फर्स पर और उसके बेटे का शव बिस्तर पर पड़ा हुआ था। बताया जा रहा हैं कि पिछले चार दिन से दरवाजा अंदर से बंद था। घर पर दोनों मां-बेटे ही रहते थे।
मकान मालिक से पूछताछ में पता चला हैं कि मृतका महिला का बेटा लंबे समय से बीमार चल रहा था, जिसका उपचार चल रहा था। आशंका जताई जा रही हैं कि मां-बेटा ने आत्महत्या की। फिलहाल पुलिस ने दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही घटना की जांच की जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा कि किन परिस्थितियों में दोनों की मौत हुई। फिलहाल मामले में पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।
