रायपुर। राजधानी रायपुर में सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नगदी चोरी करने वाले गिरोह के चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 3.79 लाख रुपये का चोरी गया मशरूका बरामद किया गया है। इसमें लगभग 3.50 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और 29 हजार रुपये नगद शामिल हैं। यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के नॉर्थ जोन के अंतर्गत खमतराई थाना पुलिस ने की है।

दशहरा मनाने गया था परिवार, तभी चोरों ने बोला धावा

दरअसल, प्रार्थी सीताराम गुप्ता (45 वर्ष), निवासी शुक्रवारी बाजार, बंजारी नगर, रावांभाठा, रायपुर ने 2 नवंबर 2026 को थाना खमतराई में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 19 अक्टूबर को दशहरा त्योहार मनाने के लिए वह अपने परिवार के साथ मकान में ताला लगाकर अपने गृहग्राम खटखरी, थाना शाहपुर, जिला मऊगंज (मध्यप्रदेश) गए हुए थे।


2 नवंबर को घर लौटने पर उन्होंने देखा कि मकान के मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाने पर आलमारी का ताला भी टूटा मिला। आलमारी के लॉकर में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी गायब थे। प्रार्थी के अनुसार, चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 7.50 लाख रुपये थी। उनकी रिपोर्ट पर थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 1163/2026, धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए खमतराई थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और प्रार्थी एवं गवाहों के बयान दर्ज किए। आरोपियों की पतासाजी के लिए सिविल पेट्रोलिंग स्टाफ और मुखबिरों को सक्रिय किया गया। लगातार जांच और संदेहियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने सागर मलिक, मनीषा साहू, राहुल उर्फ ओमप्रकाश निर्मलकर और चेतन निषाद को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाना और रात के समय रॉड से मकान का ताला तोड़कर अंदर घुसना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने मकान में रखी आलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी की थी, जिसे आपस में बांट लिया था।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब 3.50 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और 29 हजार रुपये नकद, इस तरह कुल 3.79 लाख रुपये का चोरी गया मशरूका गवाहों के समक्ष बरामद कर जब्त किया। मामले में संलिप्तता पाए जाने पर चारों आरोपियों को 6 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

यह कार्रवाई डीसीपी नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के निर्देशन, एडीसीपी नॉर्थ आदित्य पाण्डेय के मार्गदर्शन और एसीपी उरला पूर्णिमा लामा के पर्यवेक्षण में की गई।

गिरफ्तार आरोपियों की जानकारी

  1. सागर मलिक (31 वर्ष), पिता रमेश कुमार मलिक, निवासी बंजारी नगर, बाजार चौक, रावांभाठा, थाना खमतराई, रायपुर।
  2. मनीषा साहू (27 वर्ष), पिता गिरवर साहू, निवासी बंजारी नगर, शुक्रवारी बाजार चौक, रावांभाठा, थाना खमतराई, रायपुर।
  3. राहुल उर्फ ओमप्रकाश निर्मलकर (25 वर्ष), पिता कुंभकरण निर्मलकर, निवासी बंजारी नगर, शुक्रवारी बाजार चौक, रावांभाठा, थाना खमतराई, रायपुर।
  4. चेतन निषाद (27 वर्ष), पिता धनेश कुमार निषाद, निवासी पठान संकरी, पलारी, जिला बलौदाबाजार, हाल निवासी बंजारी नगर, शुक्रवारी बाजार चौक, रावांभाठा, थाना खमतराई, रायपुर।
Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *