सोचिए, कोई शख्स आपसे ऑनलाइन मिलता है, दोस्ती करता है और फिर शादी करने का प्रस्ताव रखता है. आप उस पर भरोसा करके शादी के लिए तैयार हो जाते हैं, लेकिन कुछ समय बाद पता चलता है कि वह तो सिर्फ आपके पैसों के पीछे था. अमेरिका के लास वेगास(Las Vegas) में ऐसा ही एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है.

यहां 33 साल की एक महिला ने कथित तौर पर 14 पुरुषों से शादी की और उनसे हजारों डॉलर ठग लिए. बताया जा रहा है कि महिला ने यह सब अपनी जुए की लत को पूरा करने के लिए किया. अब कोर्ट ने उसे जेल की सजा सुनाई है और ठगी के शिकार लोगों को पैसे लौटाने का आदेश भी दिया है.


जुए के लिए 14 पुरुषों से की शादी

इस महिला का नाम जियायिंग चेन बताया गया है. रिपोर्ट के मुताबिक, उसने लास वेगास में शादी से जुड़े आसान नियमों का फायदा उठाया. वह ऑनलाइन पुरुषों से मिलती थी और जल्द ही उन्हें शादी करने का सुझाव देने लगती थी. शादी के बाद वह उनसे पैसों की मांग करती थी.

चेन हमेशा पुरुषों से कहती थी कि चीन में उसके परिवार का कोई सदस्य बीमार है और उसे इलाज या मदद के लिए पैसों की जरूरत है. उसकी बातों पर भरोसा करके पुरुष उसे पैसे दे देते थे. लेकिन पैसे मिलने के बाद वह उनसे संपर्क तोड़ देती थी. इस तरह कई लोग उसके झांसे में आ गए और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा.

पहले भी हुई थी गिरफ्तारी

लास वेगास रिव्यू-जर्नल के एक रिपोर्ट के अनुसार, मार्च 2019 से मई 2024 के बीच चेन ने क्लार्क काउंटी मैरिज लाइसेंस ब्यूरो से सात विवाह प्रमाणपत्र हासिल किए थे. साल 2024 में उसे एक से अधिक शादियां करने और चोरी समेत कई आरोपों में गिरफ्तार किया गया था. हालांकि, बाद में उसे रिहा कर दिया गया. रिहा होने के बाद भी उसने कथित तौर पर अपना तरीका नहीं बदला.

इस बार उसने अपनी पहचान छिपाने के लिए ‘विकी लियांग’ नाम का इस्तेमाल किया और सात अन्य विवाह प्रमाणपत्र हासिल कर लिए. इस तरह उसके नाम से कुल 14 शादियां जुड़ गईं. यह मामला सामने आने के बाद उसकी गतिविधियों और जुए की लत को लेकर कई सवाल उठे.

जुए में गंवा दिए करीब 3 करोड़ रुपये

इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि पुरुषों से पैसे लेने के बाद चेन ने उन पैसों का इस्तेमाल किस तरह किया. रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले एक साल में उसने लास वेगास स्ट्रिप स्थित व्यान कैसीनो में जुआ खेलते हुए 3 लाख डॉलर से ज्यादा गंवा दिए. भारतीय मुद्रा में यह रकम करीब 2.9 करोड़ रुपये बैठती है. जुए की लत के कारण उसने न केवल अपनी आर्थिक स्थिति को नुकसान पहुंचाया, बल्कि कई लोगों को भी ठगी का शिकार बनाया. अब इस मामले में अदालत ने उसके खिलाफ सख्त रुख अपनाया है.

कोर्ट ने सुनाई करीब एक साल की जेल

लास वेगास रिव्यू-जर्नल के मुताबिक, मंगलवार यानी 6 अक्टूबर को जज ने उसे डिटेंशन सेंटर में करीब एक साल बिताने का आदेश दिया. इस सजा में पहले से हिरासत में बिताए गए समय का हिसाब भी शामिल होगा. इसके अलावा, उसे ठगी के शिकार लोगों को 2.8 लाख डॉलर से ज्यादा यानी करीब 2.7 करोड़ रुपये लौटाने होंगे.

सुनवाई के दौरान जज ने कहा कि सजा का उद्देश्य चेन को उसकी जुए की लत के गंभीर परिणाम समझाना और भविष्य में दूसरे लोगों को उसका शिकार बनने से रोकना है. उन्होंने यह भी कहा कि चेन को यह समझना जरूरी है कि अगर वह दोबारा ऐसा करती है, तो उसे आठ से 20 साल तक की जेल का सामना करना पड़ सकता है.

इस मामले ने एक बार फिर दिखाया है कि किसी पर भरोसा करने से पहले सतर्क रहना कितना जरूरी है. ऑनलाइन दोस्ती या शादी के प्रस्ताव के बाद अगर कोई अचानक पैसों की मांग करने लगे, खासकर बीमारी या किसी आपात स्थिति का हवाला देकर, तो उसकी बातों की पुष्टि करना जरूरी है. किसी की भावनाओं और भरोसे का फायदा उठाकर पैसे ठगना लोगों को भारी नुकसान पहुंचा सकता है.

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *