दुनिया में कुछ देश ऐसे हैं, जो आकार में भले ही छोटे हों, लेकिन उनकी पहचान, रहन-सहन और शाही ठाठ-बाट उन्हें पूरी दुनिया में खास बना देते हैं. दक्षिण-पूर्व एशिया (Southeast Asia) में स्थित ब्रुनेई (Brunei) भी ऐसा ही एक देश है. यहां एक तरफ चारों ओर हरियाली, शांत सड़कें और खूबसूरत मस्जिदें देखने को मिलती हैं, तो दूसरी तरफ सुल्तान की आलीशान जिंदगी और बेशुमार दौलत लोगों को हैरान कर देती है.

तेल और प्राकृतिक गैस के भंडार ने इस देश को काफी समृद्ध बनाया है. यहां की यात्रा करने वाले लोगों के लिए ब्रुनेई सिर्फ एक पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि एक ऐसी दुनिया है जहां शाही जीवनशैली(Lifestyle), धार्मिक परंपराएं और आधुनिक सुविधाएं एक साथ देखने को मिलती हैं.


तेल और गैस की दौलत से बेहद अमीर है ब्रुनेई

ब्रुनेई को दुनिया के अमीर देशों में गिना जाता है. इसकी समृद्धि के पीछे सबसे बड़ी वजह यहां मौजूद तेल और प्राकृतिक गैस के विशाल भंडार हैं. इन संसाधनों ने देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाया है और यहां के लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में बड़ी भूमिका निभाई है. देश की छोटी आबादी और प्राकृतिक संसाधनों की भरपूर मौजूदगी इसे दक्षिण-पूर्व एशिया के खास देशों में शामिल करती है.

यहां के सुल्तान हसनल बोलकिया(Hassanal Bolkiah) भी दुनियाभर में अपनी शाही जीवनशैली के लिए चर्चित हैं. उनकी संपत्ति और लग्जरी का अंदाजा उनके कार कलेक्शन से लगाया जा सकता है. बताया जाता है कि उनके पास 600 से ज्यादा रोल्स रॉयस और 450 से अधिक फेरारी कारें हैं.

उनकी कारों का कलेक्शन दुनिया के सबसे चर्चित शाही कलेक्शनों में गिना जाता है. इतना ही नहीं, उनका आलीशान महल भी किसी सपने से कम नहीं है. महल में करीब 1800 कमरे बताए जाते हैं, जो उनकी शाही जिंदगी और भव्यता को दर्शाते हैं.

कानून और नियमों को लेकर काफी सख्त है देश

ब्रुनेई अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को काफी महत्व देता है. यहां शरिया कानून लागू है और देश में कई नियम बेहद सख्ती से पालन किए जाते हैं. शराब, जुआ और सूअर के मांस को लेकर यहां प्रतिबंध हैं. देश की जीवनशैली में धार्मिक मान्यताओं और अनुशासन की झलक साफ दिखाई देती है. यहां घूमने वाले यात्रियों को भी स्थानीय नियमों और परंपराओं का ध्यान रखना पड़ता है.

सार्वजनिक जगहों पर व्यवहार से लेकर धार्मिक स्थलों पर पहनावे तक, कई बातों का सम्मान करना जरूरी होता है. ब्रुनेई की यात्रा के दौरान इसकी शांत और व्यवस्थित लाइफस्टाइल लोगों को अलग अनुभव देती है. यहां की कम भीड़ और नियमों के प्रति लोगों का सम्मान देश के माहौल को काफी शांत बनाता है.

Share on