रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में शादी का झांसा देकर युवती का लगातार शारीरिक शोषण करने के मामले में महिला थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘अभियान संवेदना’ के तहत पुलिस ने शिकायत मिलने के 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान परमेश्वर सिदार उर्फ राजू सिदार (24 वर्ष), निवासी ग्राम भैसानारा, थाना चंद्रपुर, जिला सक्ती के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने किरोड़ीमलनगर के गोरखा रोड पर घेराबंदी कर उसे पकड़ा था।

10 साल पहले हुई थी दोनों की पहचान

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में रहने वाली 24 वर्षीय युवती ने 19 नवंबर 2026 को महिला थाना रायगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी। युवती ने बताया कि करीब 10 साल पहले वह अपने रिश्तेदार के यहां चंद्रपुर क्षेत्र गई थी।


इसी दौरान उसकी पहचान परमेश्वर सिदार उर्फ राजू सिदार से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत होने लगी। युवती के अनुसार, मई 2025 में परमेश्वर ने फोन कर उसे पसंद करने और शादी करने की इच्छा जताई थी। कुछ समय बाद आरोपी रायगढ़ में काम करने लगा और यहीं रहने लगा।

केलो डेम ले जाकर शादी का दिया भरोसा

शिकायत के मुताबिक, 13 जुलाई 2025 को आरोपी युवती से मिलने उसके घर पहुंचा। इसके बाद वह उसे घूमने के बहाने केलो डेम ले गया। वहां शादी करने का भरोसा देकर सुनसान स्थान पर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।

युवती का आरोप है कि इसके बाद भी आरोपी अलग-अलग स्थानों पर शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण करता रहा। मई 2025 में गर्भवती होने की जानकारी देने पर भी आरोपी ने उससे शादी करने का आश्वासन दिया था। हालांकि, बाद में वह अपने वादे से मुकरने लगा।

शादी से मुकरा तो युवती पहुंची आरोपी के गांव

युवती ने पुलिस को बताया कि 2 नवंबर 2026 को उसने आरोपी को फोन कर अपने घर ले जाने के लिए कहा, लेकिन उसने आने से इनकार कर दिया। इसके बाद 5 नवंबर को युवती स्वयं आरोपी के गांव भैसानारा पहुंच गई। वहां आरोपी के परिजनों ने बताया कि परमेश्वर की शादी हो चुकी है।

इसके बाद युवती को घर से जाने के लिए कह दिया गया। आरोप है कि बाद में परमेश्वर ने भी युवती से शादी करने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद युवती ने महिला थाना रायगढ़ पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।

ट्रैक्टर में गन्ना लेकर जा रहा था आरोपी, पुलिस ने घेरा

युवती की शिकायत पर महिला थाना रायगढ़ में अपराध क्रमांक 100/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 में अपराध दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर महिला थाना की टीम अतिरिक्त पुलिस बल के साथ चंद्रपुर रवाना हुई।

इसी दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी ट्रैक्टर में गन्ना लेकर बिक्री के लिए किरोड़ीमलनगर जाने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम किरोड़ीमलनगर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी की भनक लगने पर आरोपी भागने की फिराक में था। इसी दौरान पुलिस ने गोरखा रोड पर घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी, न्यायिक रिमांड पर भेजा

पुलिस ने परमेश्वर सिदार उर्फ राजू सिदार, पिता दामोदर सिदार, उम्र 24 वर्ष, निवासी ग्राम भैसानारा, थाना चंद्रपुर, जिला सक्ती को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस कार्रवाई में एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन और डीएसपी उन्नति ठाकुर के सुपरविजन में थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक राकेश मिश्रा, महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त, सहायक उप निरीक्षक सरस्वती महापात्रे, एएसआई परमेश्वर गुप्ता सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं के विरुद्ध अपराधों को रायगढ़ पुलिस गंभीरता से ले रही है। पीड़ित महिलाओं की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। महिला सुरक्षा और पीड़ितों को न्याय दिलाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Share on