कहते हैं कि सपने देखने और उन्हें पूरा करने की कोई उम्र नहीं होती. अमेरिका की 96 वर्षीय जॉय रयान ने इस बात को सच साबित कर दिखाया है. जिन्हें दुनिया प्यार से ग्रैंडमा जॉय बुलाती है, उन्होंने अपने पोते ब्रैड रयान के साथ सातों महाद्वीप घूमने का सपना पूरा कर लिया है. खास बात यह है कि उन्होंने विदेश यात्रा की शुरुआत उस उम्र में की, जब ज्यादातर लोग लंबी यात्राओं से दूरी बनाना पसंद करते हैं. उनकी कहानी आज लोगों को जिंदगी खुलकर जीने की प्रेरणा दे रही है.

91 साल की उम्र में बनवाया पहला पासपोर्ट

अमेरिका के ओहायो में रहने वाली जॉय ने 91 साल की उम्र में पहली बार पासपोर्ट बनवाया था. इसके बाद उनके लिए विदेश घूमने के रास्ते खुल गए. PEOPLE की रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने पोते ब्रैड के साथ कई देशों की सैर की. केन्या में हाथियों को करीब से देखा, आयरलैंड के ऐतिहासिक किलों का आनंद लिया और थाईलैंड में बौद्ध भिक्षुओं से मुलाकात की.


एक कैंपिंग ट्रिप ने बदल दी जिंदगी

जॉय और ब्रैड की इस अनोखी यात्रा की शुरुआत साल 2015 में हुई थी. ब्रैड ने बताया कि दोनों के बीच करीब 10 साल तक बातचीत नहीं हुई थी. फिर एक दिन उन्होंने अपनी दादी को ग्रेट स्मोकी माउंटेन्स में कैंपिंग के लिए आमंत्रित किया. जॉय ने भी खुशी-खुशी हामी भर दी. यह छोटी-सी यात्रा दोनों के रिश्ते को फिर से करीब ले आई. साथ बिताए इन पलों ने आगे चलकर एक बड़े सफर की नींव रख दी.

अमेरिका के 63 नेशनल पार्क भी देखे

कैंपिंग के बाद दोनों ने अमेरिका के नेशनल पार्क घूमने का लक्ष्य बनाया. पहाड़ों और जंगलों के बीच घूमते हुए उन्होंने देश के सभी 63 नेशनल पार्क देखने का सपना पूरा किया. मई 2023 में आखिरी पार्क घूमने के बाद दोनों ने अंतरराष्ट्रीय यात्राओं की योजना बनाई.

ऑस्ट्रेलिया बना सातवां महाद्वीप

हाल ही में जॉय और ब्रैड थाईलैंड के बाद ऑस्ट्रेलिया पहुंचे. ऑस्ट्रेलिया इस यात्रा का आखिरी पड़ाव बना और इसी के साथ जॉय ने सातों महाद्वीप देखने की उपलब्धि हासिल कर ली. वहां कोआला और उनके बच्चों को देखकर जॉय बेहद खुश हुईं. उन्होंने ऑस्ट्रेलिया को बेहद खूबसूरत जगह बताया. इस यात्रा ने सिर्फ जॉय को दुनिया देखने का मौका नहीं दिया, बल्कि ब्रैड को भी जिंदगी को नए नजरिए से समझने में मदद की. थाईलैंड में एक युवा बौद्ध भिक्षु से बातचीत ने उन्हें पुरानी बातों को पीछे छोड़कर आगे बढ़ने की सीख दी.

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *