मोहला-मानपुर। छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में घरेलू हिंसा का खौफनाक अंजाम सामने आया है। शराब के नशे में रोजाना मारपीट करने वाले पति से परेशान पत्नी ने गुस्से में आकर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात खड़गांव थाना क्षेत्र के सिवनी गांव की है। पुलिस ने हत्या के आरोप में पत्नी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में दुर्ग जेल भेज दिया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 16 नवंबर की रात कारजू राम पुराम शराब के नशे में घर पहुंचा और पत्नी मालती बाई के साथ मारपीट करने लगा। बताया जा रहा है कि पति की रोज-रोज की प्रताड़ना से परेशान पत्नी ने आपा खो दिया। इसी दौरान उसने घर में रखी कुल्हाड़ी से पति के चेहरे, गर्दन और सीने पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोटों के चलते कारजू राम की मौके पर ही मौत हो गई।


मृतक की मां ने पुलिस को दी सूचना

घटना के अगले दिन मृतक की मां जांगय बाई ने खड़गांव थाने पहुंचकर पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण करने के दौरान पुलिस ने खून लगी कुल्हाड़ी और अन्य साक्ष्य जब्त किए।

जांच के दौरान पुलिस ने मृतक की पत्नी मालती बाई से पूछताछ की। पूछताछ में उसने पति पर कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने 18 नवंबर को आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी मालती बाई को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में दुर्ग जेल भेज दिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *