



कभी-कभी जमीन के नीचे छिपी चीजें किसी खजाने से कम नहीं होतीं. डेनमार्क में भी एक शख्स के साथ कुछ ऐसा ही हुआ है. घर के बाहर टाइल्स लगाने के लिए जमीन की खुदाई की जा रही थी, तभी उसे मिट्टी के अंदर एक ऐसी चीज मिली, जिसने पूरे इलाके को हैरान कर दिया. खुदाई के दौरान सामने आया यह खजाना करीब 18 किलो चांदी का बताया जा रहा है.
शुरुआत में शख्स को जमीन के नीचे किसी चीज के दबे होने का अंदाजा हुआ. जब मिट्टी हटाई गई तो वहां चांदी के सिक्के, गहने और दूसरी चांदी की कई चीजें दिखाई देने लगीं. इतनी बड़ी मात्रा में चांदी देखकर उसके भी होश उड़ गए.

मिट्टी के नीचे दबा था चांदी का खजाना
जानकारी के मुताबिक, जमीन के नीचे एक बर्तन में करीब 700 चांदी की चीजें और उनके टुकड़े दबे हुए थे. इनमें सिक्कों के अलावा चांदी की छड़ें, कंगन, आभूषण और चांदी से बनी कई अन्य वस्तुएं शामिल बताई गई हैं. बताया जा रहा है कि यह खजाना करीब 1,000 साल पुराना है. यानी जिस जमीन पर आज लोग सामान्य तरीके से घर और रास्ते बना रहे हैं, उसी के नीचे सदियों पहले किसी ने अपनी कीमती चीजों को छिपाकर रखा होगा.
वाइकिंग युग से जुड़ा बताया जा रहा है खजाना
इस खजाने को डेनमार्क के वाइकिंग युग से जोड़कर देखा जा रहा है. तस्वीर में दी गई जानकारी के अनुसार, इसका वजन 18 किलो से ज्यादा है और इसे डेनमार्क का अब तक का सबसे बड़ा वाइकिंग युग का चांदी का खजाना बताया गया है. इतनी बड़ी संख्या में मिली पुरानी वस्तुएं इतिहास के लिहाज से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं. इन चीजों से उस दौर के लोगों की जीवनशैली, व्यापार और चांदी के इस्तेमाल के बारे में जानकारी मिलने की उम्मीद है.
सरकार रखेगी ये खजाना ?
खुदाई से मिली कुछ चांदी की वस्तुओं पर ऐतिहासिक चिन्ह भी दिखाई देने की बात सामने आई है. डेनमार्क के कानून के मुताबिक, इस तरह के ऐतिहासिक खजाने पर राज्य का अधिकार होता है. खजाना खोजने वाले व्यक्ति को इसके बदले इनाम मिल सकता है. दिलचस्प बात यह है कि इसी इलाके में पहले भी वाइकिंग युग से जुड़ी सोने की वस्तुएं मिलने की जानकारी सामने आ चुकी है.
