क्या आपने कभी ऐसी जगह की कल्पना की है, जहां आपकी नजर जिस तरफ जाए, उस ओर सिर्फ और सिर्फ चिप्स के पैकेट, चॉकलेट की पहाड़ जैसी दीवारें और नूडल्स के हजारों विकल्प ही दिखाई दे? अगर आप खाने-पीने के शौकीन हैं और अब तक इस जादुई जगह से अनजान हैं, तो बता दें कि दुनिया की सबसे बड़ी नमकीन और स्नैक्स की दुकान चीन में खुल चुकी है.

चीन के चांग्शा शहर में स्थित यह स्टोर इतना विशाल है कि इसे ‘स्नैक किंगडम’ के नाम से जाना जाता है और इसने अपने नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड भी दर्ज कर लिया है. चीन का यह स्नैक किंगडम इस समय दुनिया भर के पर्यटकों और खाने-पीने के शौकीनों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है.


चीन की सबसे बड़ी स्नैक रिटेल चेन ‘मिंगमिंग हेनमांग’ (Mingming Henmang) द्वारा तैयार किए गए इस स्टोर का क्षेत्रफल 12,000 वर्ग मीटर से भी अधिक है. बीते 17 अप्रैल को इसके उद्घाटन के साथ ही इसका नाम “दुनिया के सबसे बड़े स्नैक स्टोर” के रूप में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हो गया. इस स्टोर की सबसे बड़ी खासियत यहां मिलने वाली वैरायटी है.

यहां पर दुनिया भर के 70 देशों से आए 35,000 से ज़्यादा प्रकार के स्नैक्स उपलब्ध हैं. इतना ही नहीं, स्टोर में 6,500 से ज़्यादा वैश्विक और घरेलू ब्रांड्स के उत्पाद एक ही छत के नीचे मिलते हैं. आप जैसे ही इसके अंदर घुसते हैं, वैसे ही आपको स्टोर के प्रवेश द्वार पर कांच के कैबिनेट से बना एक लंबा कॉरिडोर दिखाई देता है, जहां रंग-बिरंगे स्नैक्स सजाए गए हैं.

‘नूडल सिटी’ और ‘कोला का खजाना’

इस स्टोर के भीतर कई खास सेक्शन बनाए गए हैं. यहां का ‘इंस्टेंट नूडल सिटी’ सेक्शन सबसे लोकप्रिय है, जहां नूडल्स की 3,500 से अधिक किस्में मौजूद हैं. इनमें स्थानीय स्वाद से लेकर दुनिया के कोनों-कोनों से आए ऐसे नूडल्स भी शामिल हैं, जिनके बारे में ज़्यादातर लोगों ने कभी सुना भी नहीं होगा. इसके अलावा, यहां का कोला सेक्शन भी काफी बड़ा है, जहां 20 देशों के कोला ब्रांड्स मिलते हैं. क्लासिक कोला के साथ-साथ यहां ‘साल्टेड कोला’ (नमक वाला कोला) जैसी दुर्लभ चीज़ें भी चखी जा सकती हैं.

भारी भीड़ और जायंट स्नैक्स

स्टोर की लोकप्रियता इतनी अधिक है कि उद्घाटन के मात्र दो दिन बाद ही प्रबंधन को स्टॉक भरने और सिस्टम की क्षमता सुधारने के लिए अस्थायी रूप से बिक्री रोकनी पड़ी थी. दिलचस्प बात यह है कि चांग्शा शहर में एक और अनोखा स्टोर भी है, जहां लोकप्रिय स्नैक्स जैसे Lay’s चिप्स और ओरियो बिस्कुट के विशालकाय पैकेट मिलते हैं, जिन्हें खरीदना पर्यटकों के लिए एक अलग ही रोमांच होता है. इन दोनों स्टोर्स में रोजाना हजारों लोग विजिट करते हैं और खरीदारी करते हैं.

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *