



आज के समय में टेक्नोलॉजी इतनी तेजी से बदल रही है कि कई ऐसे काम भी सामने आ रहे हैं, जिनके बारे में पहले किसी ने सोचा भी नहीं होगा. अब तक आपने लोगों को कुत्तों को टहलाने के बदले पैसे कमाते हुए देखा या सुना होगा, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि किसी रोबोट डॉग को घुमाने के भी पैसे मिल सकते हैं?
अमेरिका में एक कंपनी ने लोगों को ऐसा ही अनोखा काम करने का मौका दिया है. खास बात यह है कि इसके लिए किसी खास डिग्री या रोबोटिक्स की जानकारी होना भी जरूरी नहीं है. कंपनी लोगों को ट्रेनिंग देने के साथ हर घंटे अच्छी खासी रकम भी देगी. दरअसल, अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को में एक स्टार्टअप कंपनी ने रोबोट डॉग ऑपरेटर रखने की शुरुआत की है.

इस काम के लिए कंपनी लोगों को हर घंटे करीब 20 डॉलर यानी लगभग 1,700 रुपये दे रही है. इस नौकरी में लोगों को रोबोट डॉग के साथ सैन फ्रांसिस्को की सड़कों पर घूमना होगा. रिपोर्ट के अनुसार ऑपरेटर को रोजाना करीब 4 से 6 घंटे तक रोबोट के साथ समय बिताना पड़ सकता है. आमतौर पर लोग अपने पालतू कुत्तों को सुबह या शाम टहलाने के लिए बाहर ले जाते हैं.
इसके बदले कई जगहों पर डॉग वॉकर को पैसे भी दिए जाते हैं. लेकिन यहां मामला थोड़ा अलग है. इस नौकरी में किसी असली कुत्ते को नहीं, बल्कि एक रोबोट डॉग को लेकर सड़कों पर घूमना होगा. यही वजह है कि यह काम लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है.
रोबोटिक्स की जानकारी होना जरूरी नहीं
इस नौकरी की एक और खास बात यह है कि इसके लिए उम्मीदवारों को रोबोटिक्स का जानकारी होना जरूरी नहीं है. यानी अगर किसी व्यक्ति को रोबोट बनाने या उनकी तकनीक के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है, तब भी वह इस काम के लिए आवेदन कर सकता है. कंपनी की ओर से काम शुरू करने से पहले ट्रेनिंग भी दी जाती है.
इस ट्रेनिंग के दौरान लोगों को रोबोट को संभालने और उसके साथ काम करने का तरीका बताया जाता है. इसके लिए कंपनी पैसे भी देती है. ऐसे में उम्मीदवारों को काम सीखने के लिए अलग से खर्च करने की जरूरत नहीं पड़ती. हालांकि, रोबोट के साथ चलते समय ऑपरेटर को उसके व्यवहार और आसपास के माहौल पर ध्यान देना होगा.
करीब 15 किलो का है रोबोट डॉग
इस रोबोट डॉग का वजन करीब 15 किलोग्राम बताया गया है. यह देखने में काफी हद तक असली कुत्ते जैसा लगता है, लेकिन इसमें आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया गया है. ऐसे रोबोट को चलाने और संभालने के लिए तकनीकी जानकारी के साथ सावधानी भी जरूरी होती है. सड़क पर चलते समय आसपास के लोगों, वाहनों और रास्ते में आने वाली दूसरी चीजों का ध्यान रखना पड़ता है.
रोबोट के बंद हो जाने या चलते समय किसी तरह की परेशानी आने पर ऑपरेटर को स्थिति संभालनी पड़ सकती है. इसलिए यह काम केवल रोबोट के साथ टहलने तक सीमित नहीं है, बल्कि उसकी देखभाल और निगरानी करना भी इसका हिस्सा है.
बदल रही है काम करने की दुनिया
टेक्नोलॉजी के बढ़ते इस्तेमाल के साथ दुनियाभर में नौकरियों के तरीके भी बदल रहे हैं. पहले रोबोट का इस्तेमाल ज्यादातर फैक्ट्रियों और बड़े संस्थानों तक सीमित माना जाता था, लेकिन अब वे आम लोगों के बीच भी दिखाई देने लगे हैं. रोबोट डॉग को सड़कों पर घुमाने के लिए लोगों को नौकरी देना इसी बदलाव का एक दिलचस्प उदाहरण है.
इस तरह की नौकरियां दिखाती हैं कि आने वाले समय में लोगों को तकनीक से जुड़े कई नए तरह के काम करने का मौका मिल सकता है. हालांकि, रोबोट डॉग को घुमाने वाली यह नौकरी अपने आप में काफी अनोखी है. जहां लोग आमतौर पर कुत्तों को टहलाने के लिए डॉग वॉकर रखते हैं, वहीं अब एक रोबोट को सड़क पर घुमाने के लिए भी लोगों को पैसे दिए जा रहे हैं. यही वजह है कि अमेरिका की यह नौकरी लोगों का ध्यान खींच रही है.
