



कहते हैं कि किस्मत कब और कहां पलट जाए, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है. ऑस्ट्रेलिया में सोने की तलाश कर रहे एक शख्स के साथ कुछ ऐसा ही हुआ. कई दिनों तक जमीन खोदने के बावजूद जब उसके हाथ कुछ खास नहीं लगा, तो वह निराश होने लगा था. लेकिन एक दिन उसकी किस्मत ने ऐसी करवट ली कि वह खुद भी हैरान रह गया.
उसे जमीन के नीचे सोने का एक बड़ा टुकड़ा मिला, जिसका वजन 1.2 किलोग्राम से ज्यादा बताया जा रहा है. इस खोज की अनुमानित कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपये है, जबकि किसी कलेक्टर को बेचने पर इसकी कीमत लगभग 2 करोड़ रुपये तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है.

मेटल डिटेक्टर ने दिखाई सोने तक पहुंचने की राह
यह अनोखी घटना ऑस्ट्रेलिया के न्यू साउथ वेल्स के सुदूर उत्तर-पश्चिमी इलाके में टिबूबुरा के पास स्थित माउंट स्टुअर्ट स्टेशन की है. यहां एक शख्स काफी समय से मेटल डिटेक्टर की मदद से जमीन में सोना तलाश रहा था. कई दिनों की मेहनत के बाद भी उसे कोई बड़ी सफलता नहीं मिली थी. इसी महीने एक दिन वह लगातार खुदाई करने से थक चुका था और काम बंद करने के बारे में सोच रहा था.
तभी उसके मेटल डिटेक्टर ‘गोल्ड मॉन्स्टर 2000’ ने जमीन के नीचे किसी धातु की मौजूदगी का संकेत दिया. दिलचस्प बात यह थी कि इतना बड़ा सोने का टुकड़ा मिलने के बावजूद मशीन का शुरुआती सिग्नल बहुत तेज नहीं था. इसके बावजूद उसने तलाश जारी रखने का फैसला किया, जो उसके लिए जिंदगी की सबसे यादगार खोज साबित हुआ.
मिट्टी हटाते ही चमक उठा सोने का टुकड़ा
खुदाई के दौरान करीब 100 मीटर आगे बढ़ने पर मशीन से तेज आवाज आने लगी. शख्स ने जब आसपास की मिट्टी हटाई, तो उसे जमीन के भीतर एक चमकदार चीज दिखाई दी. ध्यान से देखने पर पता चला कि वह कोई साधारण धातु नहीं, बल्कि सोने का बड़ा टुकड़ा था. उसे अपनी आंखों पर यकीन करना मुश्किल हो रहा था.
शख्स ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए बताया कि सोने की तलाश में अक्सर सीसे की गोलियां, पुरानी कीलें और घोड़ों की नाल जैसी चीजें ही निकलती हैं. ऐसे में इतना बड़ा सोने का नगेट मिलना किसी सपने के सच होने जैसा था.
1.2 किलो से ज्यादा वजन, करोड़ों में कीमत
एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस नगेट का कुल वजन 1.2 किलोग्राम से ज्यादा है. जांच में लगभग 940 ग्राम शुद्ध सोना होने की बात सामने आई है. इसकी अनुमानित बाजार कीमत 1.5 लाख से 1.6 लाख अमेरिकी डॉलर बताई गई है, जो भारतीय मुद्रा में करीब 1.5 करोड़ रुपये बैठती है. हालांकि, इसकी वास्तविक कीमत सोने के भाव और खरीदार पर निर्भर करेगी.
इस अनोखी खोज को ‘टिबूबुरा स्पड’ नाम दिया गया है. अब शख्स इसे किसी कलेक्टर को बेचने पर विचार कर रहा है, क्योंकि दुर्लभ होने के कारण इसकी कीमत सामान्य सोने से ज्यादा मिल सकती है.
20 साल में मिली ऐसी दूसरी बड़ी खोज
ब्रोकन हिल में मेटल डिटेक्टर से जुड़े उपकरण बेचने वाले ग्रेग स्पैंगलर के मुताबिक, पिछले करीब 20 वर्षों में उन्होंने एक किलोग्राम से ज्यादा वजन वाले सोने के नगेट मिलने की ऐसी घटना बहुत कम देखी है. आमतौर पर खोज करने वालों को छोटे टुकड़े या कुछ औंस वजन वाले नगेट ही मिलते हैं. ऐसे में यह खोज न केवल उस शख्स के लिए बड़ी कामयाबी है, बल्कि सोने की तलाश करने वालों के बीच भी चर्चा का विषय बन गई है.
