



कोरबा। भारी बारिश के बीच शहर के बीचों-बीच से गुजरने वाले दादर नाले में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। उफान मार रहे नाले को पार करने के दौरान एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पानी के तेज बहाव में बह गई और पुलिया के नीचे जाकर पलट गई। हादसे के समय वाहन में तीन युवक सवार थे, जिन्हें स्थानीय लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
शराब के नशे में थे सवार युवक प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण दादर नाला पूरी तरह उफान पर है और जलस्तर काफी बढ़ा हुआ है। इसके बावजूद स्कॉर्पियो सवार युवकों ने उफनते नाले को पार करने की कोशिश की। वाहन में सवार तीनों युवक शराब के नशे में धुत बताए जा रहे हैं। तेज बहाव के कारण चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी देखते ही देखते नाले में बहकर पुलिया के नीचे पलट गई।

स्थानीय लोगों की तत्परता से टला बड़ा हादसा घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने अदम्य साहस का परिचय दिया। लोगों ने पानी के तेज बहाव की परवाह न करते हुए राहत व बचाव कार्य शुरू किया और स्कॉर्पियो में फंसे तीनों युवकों को कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
स्थानीय निवासियों की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। प्रशासन और पुलिस ने भारी बारिश को देखते हुए नागरिकों से अपील की है कि उफान मार रहे नदी-नालों और जलमग्न पुल-पुलियों को पार करने का जोखिम न उठाएं तथा यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें।
