सूरजपुर: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में दशहरा का त्योहार उस समय मातम में बदल गया जब रेड नदी में नहाते समय एक ही परिवार के चार सदस्यों की डूबने से मौत हो गई. यह घटना शनिवार सुबह विश्रामपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सरस्वतीपुर के पास हुई. करीब तीन घंटे चले बचाव अभियान के बाद चारों शव नदी से बरामद कर लिए गए.

बिहार से दशहरा मनाने आया था परिवार

जानकारी के मुताबिक, सूरजपुर के चंदरपुर में रहने वाली नेहा सिंह एक ब्यूटी पार्लर चलाती हैं. दशहरा मनाने के लिए उनके पति विवेक सिंह, बेटा अभिजीत सिंह और परिवार के अन्य सदस्य बिहार के कटिहार से आए हुए थे. शनिवार सुबह विवेक सिंह स्कूटी से पंपापुर में महामाया मंदिर के दर्शन करने गए थे. वहां से उन्होंने अपने बेटे अभिजीत और अपनी साली के दो बेटों गोपाल कृष्ण और कृष्ण गोपाल को सरस्वतीपुर के कोन्हाखार में रेड नदी के पास बुलाया. चारों ने घर वापस जाने से पहले नदी में नहाने का फैसला किया.

नदी किनारे मिले कपड़े और चप्पल

नहाने के दौरान चारों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे. जब वे काफी देर तक बाहर नहीं आए तो नदी किनारे मौजूद ग्रामीणों को संदेह हुआ. वहां पर उन्हें चार जोड़ी चप्पलें, कपड़े, मोबाइल फोन और दो स्कूटी लावारिस हालत में मिलीं.


ग्रामीणों ने तुरंत विश्रामपुर पुलिस को सूचित किया. पुलिस ने स्कूटी के पंजीकरण नंबर के आधार पर उनके मालिकों की जानकारी जुटाई. दोनों स्कूटी नेहा सिंह और विवेक सिंह के नाम पर पंजीकृत थीं. इसके बाद पुलिस ने परिवार से संपर्क कर घटना की जानकारी दी.

एसडीआरएफ और गोताखोरों का बचाव अभियान

खबर मिलते ही पुलिस, नगर सेना और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीम गोताखोरों के साथ मौके पर पहुंची. स्थानीय ग्रामीणों की मदद से नदी में तलाश शुरू की गई. करीब तीन घंटे तक चले बचाव अभियान के बाद सबसे पहले पत्थरों के बीच फंसे गोपाल कृष्ण का शव बरामद किया गया.

इसके बाद कृष्ण गोपाल और विवेक सिंह के शव निकाले गए. थोड़ी देर बाद घटनास्थल से कुछ दूरी पर अभिजीत सिंह का शव भी बरामद कर लिया गया. चारों शव मिलने के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *