जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के विश्वप्रसिद्ध बस्तर दशहरा में भीतर रैनी की रस्म से पहले आज दर्दनाक हादसा हो गया। आठ चक्कों वाले विजय रथ के पहिए के नीचे आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और विजय रथ को रोक दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही एंबुलेंस भी मौके पर बुलाई गई।

जानकारी के मुताबिक, बस्तर दशहरा की महत्वपूर्ण रस्म भीतर रैनी के दौरान आठ चक्कों वाले विजय रथ को गोलबाजार की परिक्रमा कराई जाती है। इस अनोखी परंपरा को देखने के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग जुटते हैं।


बुधवार को भी रथ की परिक्रमा से पहले बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। इसी दौरान एक व्यक्ति रथ के पहिए की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं दूसरे व्यक्ति का पैर कट गया है। उन्हें तत्काल एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया।

माता दंतेश्वरी का छत्र भी नहीं हुआ था सवार

हादसे के वक्त तक माता दंतेश्वरी का छत्र विजय रथ पर सवार नहीं हुआ था। बस्तर दशहरा की परंपरा के अनुसार, मावली परघाव की रस्म के बाद माता दंतेश्वरी के छत्र को आठ चक्कों वाले विजय रथ पर विराजित किया जाता है। इसके बाद रथ को गोलबाजार की परिक्रमा कराई जाती है।

भारी भीड़ के बीच हुआ हादसा

भीतर रैनी की रस्म को देखने के लिए हर साल हजारों की संख्या में लोग पहुंचते हैं। भारी भीड़ के कारण कई बार धक्का-मुक्की की स्थिति भी बन जाती है। इसी बीच परिक्रमा शुरू होने से पहले यह हादसा हो गया। घटना के बाद विजय रथ की गतिविधियां रोक दी गईं और मौके पर एंबुलेंस बुलाकर आवश्यक कार्रवाई की गई। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *