सरगुजा। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर शहर में 10वीं के छात्र का अपहरण कर पॉलिटेक्निक कॉलेज ग्राउंड में ले जाकर बेदम पिटाई कर दी गई। मारपीट में स्कूली छात्र घायल हो गया। बचाने आए उसके दोस्त के साथ भी मारपीट की गई। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर वायरल हो रहा है।

शहर के एक सरकारी स्कूल में पढ़ने वाला 10वीं का छात्र 22 अक्टूबर की शाम अपने साथी के साथ घर के पास खड़ा था। इसी दौरान बाइक पर सवार कुछ युवक मोहल्ले में पटाखे फोड़ते और तेज आवाज वाले मोडिफाइड साइलेंसर के साथ तेज रफ्तार में बाइक चला रहे थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक, ये युवक आए दिन मोहल्ले में उत्पात मचाते हैं।


छात्र ने उन्हें टोकते हुए कहा, भैया थोड़ा आराम से चलिए, कभी भी एक्सीडेंट हो जाएगा। इतना सुनते ही युवक नाराज हो गए। आरोप है कि उन्होंने छात्र को जबरन पकड़ा, बाइक के बीच में बैठाया और सीधे पॉलिटेक्निक कॉलेज ग्राउंड ले गए। ग्राउंड में छात्र के साथ हाथ-मुक्के और डंडे से मारपीट शुरू कर दी।

वारदात के समय छात्र का दोस्त भी वहां मौजूद था। जब वह बीच-बचाव कर अपने साथी को ले जाने लगा, तो उसकी भी पिटाई कर दी। इस दौरान किसी ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर वायरल हो रहा है। पिटाई से छात्र को गंभीर चोटें आई हैं। परिजनों ने उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के बाद थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने अपहरण सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।

बताया जा रहा है कि मारपीट करने वाले युवक नाबालिग हो सकते हैं और वारदात के दौरान उन्होंने चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था। पुलिस ने नामजद शिकायत पर केस दर्ज किया है, लेकिन अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि मारपीट करने वालों के पकड़े जाने और दस्तावेजों की जांच के बाद ही उनकी सही उम्र का पता चल सकेगा।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *