कोरबा/ छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के राजगामार चौकी क्षेत्र में सात वर्षीय मासूम बच्ची की हत्या के मामले में पुलिस ने एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस पूछताछ में यह बात सामने आई है कि आरोपी ने पैसे का लालच देकर बच्ची को बहलाया और जंगल ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम देने के बाद अपनी ही शर्ट से गला घोंटकर उसकी निर्मम हत्या कर दी गई। इस वीभत्स वारदात के सामने आने के बाद से पूरे इलाके में कोहराम मच गया है और लोगों में भारी आक्रोश है।

पैसे का लालच देकर जंगल ले गया था आरोपी

पुलिस से मिली विस्तृत जानकारी के अनुसार, बालको थाना क्षेत्र के बेलगारी नाला निवासी 40 वर्षीय आरोपी अमित चौहान ने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने मासूम बच्ची को पैसे देने का लालच दिया और जंगल में पैसे गिरे होने की बात कहकर उसे अपने साथ बहला-फुसलाकर ले गया। सुनसान इलाके का फायदा उठाकर उसने इस अमानवीय कृत्य को अंजाम दिया।


दुष्कर्म के बाद शर्ट से घोंटा गला

पुलिस की शुरुआती जांच और खुलासे में यह पुष्टि हुई है कि आरोपी ने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया और राज छिपाने या विरोध करने पर अपनी ही शर्ट से उसका गला घोंटकर उसकी जान ले ली। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने गुरुवार देर रात बांगो क्षेत्र के जंगल में कड़ी घेराबंदी कर दबोच लिया।

ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, चौकी का घेराव और फांसी की मांग

आरोपी की गिरफ्तारी और घटना की क्रूरता की जानकारी मिलते ही शुक्रवार को आक्रोशित ग्रामीणों और बड़ी संख्या में महिलाओं ने राजगामार पुलिस चौकी का घेराव कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी को जल्द से जल्द फांसी देने और उसे जनता के सामने लाने की पुरजोर मांग की।

स्थिति को देखते हुए पुलिस छावनी में तब्दील इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) समेत अन्य गंभीर धाराओं के तहत कानूनी शिकंजा कस दिया है तथा मामले की गहनता से तस्दीक की जा रही है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *