


क्या आपने किसी ऐसी मादा के बारे में सुना है जो अपनी जिंदगी सिर्फ बच्चे पैदा करने में बिता देती है. हम बात कर रहे हैं रानी दीमक की, जो अपनी लाइफ के पचास साल प्रेग्नेंट रहती है. वो हर तीन सेकंड में एक अंडा देती है जिससे उसका सम्राज्य बढ़ता जाता है.
प्रकृति ने कुछ जीवों को इतना अनोखा बनाया है कि देखकर यकीन नहीं होता. अगर हम कहें कि एक मां अपने पूरे जीवन में कभी आराम नहीं करती, सिर्फ बच्चे पैदा करती रहती है, तो शायद आप चौंक जाएंगे. लेकिन यह सच है. हम बात कर रहे हैं रानी दीमक यानी टर्माइट क्वीन की, जो दुनिया की सबसे हैरतअंगेज मां है.

रानी दीमक 25 से 50 साल तक जिंदा रह सकती है. इनमें से ज्यादातर समय वो लगातार प्रेग्नेंट रहती है. मादा टरमाइट यानी रानी दीमक हर तीन सेकंड में एक अंडा देती है. इसका मतलब है कि ये दिन में करीब 30,000 अंडे देती है. इस हिसाब से ये पूरे जीवन में लाखों-करोड़ों बच्चों की मां बन सकती है. उसका पेट इतना विशाल हो जाता है कि वो खुद से हिल भी नहीं पाती. कार्यकर्ता दीमकें उसे खाना खिलाती हैं, साफ करती हैं और अंडों को नर्सरी में ले जाती हैं.
अकेले बढ़ाती है साम्राज्य
वैज्ञानिकों के अनुसार टर्माइट कॉलोनी की सफलता इसी रानी पर टिकी होती है. कॉलोनी शुरू में छोटी होती है, लेकिन रानी के लगातार अंडे देने से हजारों-लाखों दीमकें तैयार हो जाती हैं. ये दीमकें कॉलोनी को बनाती हैं, खाना जुटाती हैं, सुरक्षा करती हैं और रानी की देखभाल करती हैं. रानी दीमक का शरीर आम दीमक से बिल्कुल अलग होता है.
उसका पेट लंबा और फूला हुआ होता है, जो अंडों से भरा रहता है. कुछ प्रजातियों में रानी का वजन इतना बढ़ जाता है कि वो मुश्किल से हिल पाती है. पूरी जिंदगी वो राजा दीमक के साथ रहती है और लगातार अंडे देती रहती है. विशेषज्ञ बताते हैं कि रानी दीमक की उम्र अन्य कीड़ों से कहीं ज्यादा होती है. जहां ज्यादातर कीड़े कुछ हफ्ते या महीने जीते हैं, वहीं रानी दीमक दशकों तक जीवित रह सकती है.
साथी रखते हैं ख्याल
अफ्रीकी दीमकों की कुछ प्रजातियों की रानी 50 साल तक अंडे देती रहती है. इसका मतलब है कि वो लगभग अपने पूरे जीवन भर प्रेग्नेंट रहती है. टर्माइट कॉलोनी में हर सदस्य का काम तय होता है. रानी सिर्फ अंडे देती है. राजा रानी के साथ रहता है. कार्यकर्ता दीमकें निर्माण, भोजन और देखभाल का काम करती हैं. सैनिक दीमकें कॉलोनी की सुरक्षा करती हैं.
इस वजह से टर्माइट दुनिया के सबसे सफल सामाजिक कीड़ों में से एक है. भारत समेत दुनिया भर में टर्माइट को नुकसानदायक माना जाता है क्योंकि ये लकड़ी खा जाती हैं. लेकिन जैविक दृष्टि से ये प्रकृति का कमाल हैं. एक रानी से शुरू होकर पूरी कॉलोनी लाखों की संख्या में पहुंच जाती है. सोशल मीडिया पर रानी दीमक की तस्वीरें और वीडियो वायरल हो रही हैं.
