क्या कोई इंसान तीन बार पूरी तरह मरकर दोबारा जिंदा हो सकता है? सुनने में यह किसी चमत्कार या फिल्म का सीन लग सकता है, लेकिन ब्रिटेन की रॉयल मेल कूरियर कंपनी में काम करने वाले कार्ल लॉकवुड के साथ यह हकीकत में हुआ है. कार्ल ड्यूटी पर तैनात थे, जब उन्हें अचानक भयंकर कार्डियक अरेस्ट (दिल का दौरा) पड़ा और वे वहीं बेहोश होकर गिर गए.

मेडिकल रिकॉर्ड्स के अनुसार, अस्पताल पहुंचने तक कार्ल का दिल तीन बार पूरी तरह धड़कना बंद कर चुका था, यानी तकनीकी रूप से वे तीन बार मौत के मुंह में जा चुके थे. लेकिन हर बार डॉक्टरों ने उन्हें सीपीआर और बिजली के झटकों की मदद से वापस जिंदा कर लिया. आज कार्ल पूरी तरह ठीक हैं और दोबारा काम पर लौट चुके हैं.


कार्ल के साथ यह हादसा साल 2019 में हुआ था, जिसने उनके पूरे परिवार और डॉक्टरों को हैरान कर दिया था. कार्ल कोई कमजोर या सुस्त इंसान नहीं थे, बल्कि वे एक बेहद फिट डाकिया थे. वे दिन भर पैदल चलकर चिट्ठियां और पार्सल बांटते थे, नियमित एक्सरसाइज करते थे और उन्हें पहाड़ों पर लंबी ट्रैकिंग और ‘अल्ट्रा रनिंग’ (मैराथन से भी लंबी दौड़) का शौक था.

हालांकि, उन्हें पहले से ‘एट्रियल फिब्रिलेशन’ नाम की दिल की बीमारी थी, जिसमें दिल के ऊपर और नीचे के हिस्से एक ताल में नहीं धड़कते, पर वे इसके लिए नियमित दवाइयां ले रहे थे. कार्ल ने बताया, “मैं हमेशा से एक फिट डाकिया रहा हूं. यही वजह है कि मुझे दिल का दौरा पड़ना सबके लिए एक बड़ा झटका था.”

दोस्त न होता, तो लाश बनकर घर लौटते कार्ल

कार्ल बताते हैं कि जिस दिन वे दफ्तर में गिरे, अगर उनके साथ काम करने वाले सहकर्मी ने उन्हें तुरंत तड़पते हुए न देखा होता, तो आज वे इस दुनिया में नहीं होते. उनके दोस्त ने एम्बुलेंस के आने तक कार्ल की छाती को दबाकर रखा और CPR दिया, जिससे उनके शरीर में ब्लड सर्कुलेशन चालू रहा और उनके दिमाग की नसें नहीं फटीं. ठीक होने के बाद कार्ल अब पैदल चलने के बजाय रॉयल मेल की वैन चलाकर पार्सल डिलीवर करते हैं. वे कहते हैं कि वे अपनी इस ‘दूसरी जिंदगी’ को पाकर बेहद खुश हैं और अब अपने दिल का खास ख्याल रखते हैं.

कर्मचारियों के लिए शुरू हुआ ‘स्मार्ट’ हार्ट टेस्ट

कार्ल की इस चमत्कारिक कहानी के बाद ब्रिटेन की सबसे बड़ी ऑनलाइन फार्मेसी ‘फार्मेसी-2यू’ (Pharmacy2U) ने रॉयल मेल कंपनी के साथ मिलकर एक बेहतरीन मुहिम शुरू की है. इसके तहत कंपनी के 1 लाख से ज्यादा कर्मचारियों को घर बैठे या डेस्क पर ही मात्र 10 मिनट में कोलेस्ट्रॉल और दिल की सेहत जांचने वाली ‘डिजिटल सेल्फ-टेस्ट किट’ मुफ्त दी जा रही है.

कंपनी के सीईओ केविन हीथ के अनुसार, लोग अक्सर काम की व्यस्तता में बॉडी चेकअप भूल जाते हैं. इस डिजिटल पहल का मकसद दफ्तर में ही काम के दौरान लोगों के दिल की बीमारियों का समय रहते पता लगाना है, ताकि कार्ल लॉकवुड की तरह किसी और कर्मचारी की जान जोखिम में न पड़े.

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *