



दुनिया के कई हिस्सों में इस समय तनाव और संघर्ष का माहौल है. कहीं मिसाइलें दागी जा रही हैं तो कहीं लोग डर के साए में अपने घर छोड़ने को मजबूर हैं. लेकिन इसी दुनिया में कुछ ऐसे छोटे-छोटे देश भी हैं, जहां जिंदगी बिल्कुल अलग अंदाज में चल रही है. इन देशों की सबसे खास बात यह है कि इन्होंने लंबे समय से खुद को बड़े सैन्य संघर्षों से दूर रखा है. आइए जानते हैं ऐसे ही कुछ देशों के बारे में, जहां लोगों की जिंदगी युद्ध की चिंता से काफी हद तक दूर रही है.
रूस-यूक्रेन से लेकर मिडिल ईस्ट तक तनाव
दुनिया में इस समय कई जगहों पर संघर्ष चल रहे हैं. रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध ने लाखों लोगों की जिंदगी प्रभावित की है. वहीं मिडिल ईस्ट में इजरायल और गाजा के बीच संघर्ष ने भी हालात को बेहद गंभीर बना दिया है. इन संघर्षों का असर सिर्फ युद्ध वाले इलाकों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इसकी वजह से दुनिया के कई हिस्सों में सुरक्षा, कारोबार और अर्थव्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ जाती है.

इसी दुनिया में है एक बेहद शांत देश
युद्ध और तनाव के बीच यूरोप का छोटा सा देश लिकटेंस्टीन (Liechtenstein) अपनी अलग पहचान रखता है. स्विट्जरलैंड और ऑस्ट्रिया के बीच पहाड़ों में बसा यह देश आकार में छोटा है, लेकिन अपनी शांति और सुरक्षा के लिए जाना जाता है. लिकटेंस्टीन पर आधुनिक इतिहास में किसी बड़े विदेशी सैन्य हमले का सामना नहीं करना पड़ा. यही वजह है कि यहां की जिंदगी दूसरे युद्धग्रस्त इलाकों से बिल्कुल अलग नजर आती है.
लिकटेंस्टीन की सबसे दिलचस्प बात यह है कि यहां स्थायी सेना भी नहीं है. साल 1868 में देश ने अपनी सेना को खत्म कर दिया था. इसके बाद से लिकटेंस्टीन ने अंतरराष्ट्रीय विवादों से दूरी बनाए रखी और अपनी तटस्थ नीति पर जोर दिया। यही कारण है कि यूरोप में कई बड़े संघर्ष होने के बावजूद यह देश लंबे समय तक उनसे दूर रहा.
सैन मैरिनो और अंडोरा भी रहा बड़े युद्धों से दूर
लिकटेंस्टीन के अलावा सैन मैरिनो भी यूरोप का एक छोटा और खास देश है. यह पूरी तरह इटली से घिरा हुआ है और दुनिया के सबसे पुराने गणराज्यों में गिना जाता है. सैन मैरिनो ने अपनी कूटनीति के जरिए लंबे समय तक बड़े अंतरराष्ट्रीय संघर्षों से दूरी बनाए रखी. देश का छोटा आकार और शांतिपूर्ण नीति भी इसकी सुरक्षा में अहम रही है.
एक और नाम अंडोरा(Andorra) का है, जो फ्रांस और स्पेन के बीच पाइरेनीज पर्वतों में बसा हुआ है. पहाड़ों से घिरे इस छोटे से देश की अपनी अलग पहचान है. अंडोरा का इतिहास भी बड़े सैन्य संघर्षों से काफी हद तक दूर रहा है. देश ने अपने पड़ोसियों के साथ शांतिपूर्ण संबंध बनाए रखे हैं और इसी वजह से यहां लंबे समय से सुकून भरा माहौल देखने को मिलता है.
आखिर इन देशों की जिंदगी इतनी शांत क्यों है?
इन देशों का छोटा आकार, भौगोलिक स्थिति(Geographical location), कूटनीति(Diplomacy) और दूसरे देशों के साथ शांतिपूर्ण रिश्ते उनकी सुरक्षा में बड़ी भूमिका निभाते हैं. हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि इन देशों ने इतिहास में कभी कोई राजनीतिक या सैन्य तनाव नहीं देखा. फिर भी आज की युद्धग्रस्त दुनिया में लिकटेंस्टीन, सैन मैरिनो और अंडोरा जैसे देश इस बात के उदाहरण हैं कि कुछ देश लंबे समय तक बड़े सैन्य संघर्षों से खुद को दूर रखने में सफल रहे हैं.
