कुदरत के खजाने में ऐसे-ऐसे रहस्य छिपे हुए हैं, जिनकी कल्पना करना भी आम इंसान के बस की बात नहीं है. कभी-कभार प्रकृति हमारे सामने ऐसे चमत्कार पेश कर देती है, जिन्हें देखकर विज्ञान भी दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर हो जाता है. ऐसा ही एक हैरतअंगेज और जादुई नजारा एड्रियाटिक तट पर बसे छोटे से देश मॉन्टेनेग्रो के एक सुदूर गांव डिनोसा में देखने को मिलता है, जिसका वीडियो वायरल हो रहा है.

यहां के एक हरे-भरे मैदान में खड़ा शहतूत का एक पुराना पेड़ मूसलाधार बारिश होते ही किसी वाटर फव्वारे या नल की तरह पानी उगलने लगता है. पेड़ के खोखले तने से किसी उफनती नदी की तरह पानी का तेज प्रवाह बाहर निकलता है, जिसे देखकर पहली बार में कोई भी दंग रह जाए. इस रहस्यमयी घटना के पीछे का वैज्ञानिक कारण जमीन के नीचे छिपा हुआ है.


दरअसल, जब इलाके में तेज और भारी बारिश होती है, तो जमीन के नीचे मौजूद प्राकृतिक जलस्रोत पूरी तरह पानी से लबालब भर जाते हैं. पानी का घनत्व और आयतन इतना ज्यादा बढ़ जाता है कि जमीन के नीचे एक खौफनाक हाइड्रोस्टैटिक दबाव पैदा होता है. यह अतिरिक्त दबाव पानी को ऊपर की तरफ धकेलता है.

शहतूत के इस पुराने पेड़ के तने में मौजूद गहरी दरारों और खोखलेपन के रास्ते पानी ऊपर चढ़ता है और जमीन से कुछ फीट ऊपर बने एक बड़े छेद से फव्वारे की शक्ल में बाहर बहने लगता है. बारिश के दिनों में पूरा मैदान पानी से भर जाता है और आसपास के अन्य छोटे-छोटे छेदों से भी पानी कल-कल करके बहने लगता है. स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह कुदरती चमत्कार पिछले 20 से 25 सालों से लगातार देखने को मिल रहा है.

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *