



सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। चरित्र शंका के चलते पत्नी को घुमाने के बहाने जंगल ले गया, वहां जमकर मारपीट की। एक उंगली को काटकर अलग कर दिया। मरणासन्न हालत में छोड़कर भाग खड़ा हुआ। किसी तरह जान बचाकर जंगल से घर पहुंची पीड़ित महिला का कहना है कि उसके पति ने चरित्र पर शक करते हुए उसके साथ मारपीट की और फिर उसे मृत समझकर जंगल में छोड़कर भाग गया। घायल महिला को जिला अस्पताल सूरजपुर में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
6 महीने मंदिर में की थी दूसरी शादी
महिला ने करीब छह महीने पहले अपने पहले पति और बच्ची को छोड़कर मंदिर में दूसरी शादी कर ली थी। पहले पति ने उसके लापता होने की शिकायत भी दर्ज कराई थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह सनसनीखेज झिलमिली थाना क्षेत्र का है।

महिला कोरिया जिले के झलियाडांड की रहने वाली है। करीब छह महीने उसने बैकुंठपुर के राकेश साहू से मंदिर में शादी कर ली। दोनों पिछले छह महीने से साथ रह रहे थे। इस दौरान उनके बीच अक्सर विवाद होने की बात भी सामने आई है।
घुमाने के बहाने जंगल ले गया
आरोप है कि कुछ दिन पहले राकेश साहू महिला को घुमाने के बहाने बड़सरा जंगल ले गया। वहां उसने महिला के चरित्र पर शक करते हुए उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। हमले में महिला के सिर पर गंभीर चोट आई और उसकी एक उंगली भी कट गई। इसके बाद आरोपी उसे जंगल में अधमरी हालत में छोड़कर भाग गया।
जंगल में घायल पड़ी महिला को स्थानीय ग्रामीणों ने देखा और उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भैयाथान पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल सूरजपुर रेफर कर दिया गया। फिलहाल महिला का इलाज जारी है।
बच्ची के लिए पहले पति ने की मदद
इस मामले में महिला के पहले पति की भूमिका भी सामने आई है। उसके अनुसार, महिला करीब छह महीने से लापता थी। उसने बैकुंठपुर थाने में उसकी गुमशुदगी की शिकायत भी दर्ज कराई थी। अब महिला के साथ हुई मारपीट की घटना के बाद पहले पति ने बच्ची की खातिर उसका साथ दिया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
महिला ने अपने दूसरे पति राकेश साहू पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
