


(न्यूज़ टी 20) समुद्र की गहराइयों में छिपे अनगिनत रहस्य हमें बार-बार चौंकाते हैं. इनमें से एक है सी स्पाइडर (Sea Spider), जिसे समुद्री दुनिया का ‘रेहमान डकैत’ कहा जा सकता है. फिल्म धुरंधर में रहमान डकैत को बिना कोई भनक लगाए दुश्मन को मारने वाला शिकारी दिखाया गया था. ठीक वैसा ही यह समुद्री जीव भी है, जो चुपके से शिकार पर हमला करता है, अंदर का सारा पदार्थ चूस लेता है और आगे बढ़ जाता है.
सी स्पाइडर को वैज्ञानिक नाम Pycnogonida वर्ग के अंतर्गत रखा गया है. यह असल में मकड़ी या केकड़े का रिश्तेदार है लेकिन दिखने में बहुत अलग है. इसके शरीर की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसका मुख्य शरीर (ट्रंक) बहुत छोटा होता है. इतना छोटा कि पेट और फेफड़े जैसे अंगों के लिए जगह ही नहीं बचती.

इसलिए इसके पाचन तंत्र और प्रजनन अंग मुख्य रूप से इसकी लंबी टांगों में फैले रहते हैं. यह बिना पारंपरिक पेट के भी जिंदा रहता है. ऑक्सीजन लेने के लिए फेफड़े या गिल्स नहीं हैं. यह अपनी टांगों के जरिए सीधे पानी से ऑक्सीजन सोख लेता है. शरीर का बड़ा हिस्सा पारदर्शी (transparent) होता है, जिससे अंदर के अंग आसानी से दिखाई दे सकते हैं.
सबसे खतरनाक शिकार का तरीका
सी स्पाइडर के पास दांत नहीं होते. इसके बजाय उसके पास एक लंबा, नीडल जैसा प्रोबॉस्किस (proboscis) होता है. यह शिकार (जैसे स्पंज, जेलीफिश, एनिमोन आदि) के शरीर में घुसा देता है और अंदर के सारे तरल पदार्थ तथा अंगों को चूसकर खा जाता है. यह प्रक्रिया इतनी साइलेंट और धीमी होती है कि शिकार को पता भी नहीं चलता.
अनोखा पेरेंटिंग सिस्टम
सी स्पाइडर में माता-पिता की भूमिका उल्टी है. मादा अंडे देती है तो नर उन्हें एकत्रित कर अपने विशेष पैरों (ovigers) पर लेकर घूमता है. ये अंडे नर के पैरों पर चिपके रहते हैं जब तक बच्चे नहीं निकल आते. कई बार नर छोटे बच्चों की भी देखभाल करता है. मादा का काम सिर्फ अंडे देना होता है. दुनिया भर के महासागरों में 1300 से ज्यादा प्रजातियां पाई जाती हैं.
कुछ छोटी तो कुछ बहुत बड़ी, जिनकी टांगों का फैलाव 70 सेंटीमीटर तक हो सकता है. ज्यादातर गहरे समुद्र में रहती हैं जहां दबाव बहुत ज्यादा होता है. वैज्ञानिकों का कहना है कि यह जीव लाखों सालों से अपने इस रूप में जिंदा है. इसका छोटा शरीर, लंबी टांगें और कुशल शिकार तरीका इसे समुद्री तल का सफल शिकारी बनाते हैं. हालांकि इंसानों के लिए यह पूरी तरह हानिरहित है क्योंकि यह बहुत छोटा होता है और काटता नहीं है.
