



बिहार में टेक्निकल एजुकेशन को मजबूत करने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. राज्य के विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग में कुल 3284 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी. इनमें इंजीनियरिंग कॉलेजों और पॉलिटेक्निक संस्थानों में टीचर्स के अलावा अनुदेशक और प्रयोगशाला सहायक के पद शामिल हैं.
विभागीय मंत्री शीला मंडल ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता में इसकी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि तकनीकी संस्थानों में शैक्षणिक सुविधाएं बढ़ाने के साथ-साथ राज्य के सभी प्रमंडलों में तारामंडल और एजुकेशन सेंटर भी बनाए जाएंगे.

कितने पदों पर होगी नियुक्ति?
विभागीय मंत्री शीला मंडल के अनुसार, भर्ती के तहत इंजीनियरिंग कॉलेजों में 1061 टिचर्स की नियुक्ति की जाएगी. वहीं, राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थानों में 354 शिक्षकों की बहाली होगी. इसके अलावा 723 अनुदेशक और 1093 प्रयोगशाला सहायक के पद भी भरे जाएंगे. इन नियुक्तियों से तकनीकी संस्थानों में शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों की कमी दूर करने में मदद मिलेगी.
सभी प्रमंडलों में बनेंगे तारामंडल
मंत्री ने बताया कि बिहार के सभी प्रमंडलों में तारामंडल और एजुकेशन सेंटर स्थापित करने की योजना है. इसके लिए जिलाधिकारियों से कम से कम दो एकड़ जमीन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है. सरकार का लक्ष्य अगले साल तक इनके निर्माण का काम पूरा करना है. फिलहाल राज्य में पटना और दरभंगा में तारामंडल संचालित हैं.
पॉलिटेक्निक के कोर्सों को मिलेगी मान्यता
टेक्निकल एजुकेशन की क्वालिटी बेहतर बनाने के लिए राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थानों के कोर्सों को नेशनल बोर्ड ऑफ एक्रेडिटेशन (NBA) से मान्यता दिलाई जा रही है. अब तक 11 सरकारी पॉलिटेक्निक संस्थानों के 20 कोर्सों को मान्यता मिल चुकी है. अन्य 48 कोर्सों को मान्यता दिलाने की प्रक्रिया जारी है.
छात्राओं के लिए हॉस्टल और आरक्षण की सुविधा
भागलपुर अभियंत्रण महाविद्यालय में 300 बेड का हॉस्टल बनाया जा रहा है. वहीं, राजकीय पॉलिटेक्निक कटिहार में 100 बेड का बालिका हॉस्टल निर्माणाधीन है. सत्र 2026-27 में इंजीनियरिंग कॉलेजों की 88.86 प्रतिशत और पॉलिटेक्निक संस्थानों की 95.50 प्रतिशत सीटों पर नामांकन हुआ है. इंजीनियरिंग कॉलेजों में संकायवार एक-तिहाई सीटें छात्राओं के लिए आरक्षित हैं.
BPSC ने जारी किया परीक्षा कैलेंडर
बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने भी कई भर्ती परीक्षाओं का कैलेंडर जारी किया है. इसमें 72वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा की संभावित तारीख 17 जनवरी दी गई है. आयोग ने स्पष्ट किया है कि कैलेंडर में बताई गई सभी डेट्स संभावित हैं और इनमें बदलाव हो सकता है.
