


प्यार में अक्सर लोग कहते हैं “मैं तुम पर जान दे दूंगा”, लेकिन कभी-कभी प्यार ही जान ले लेता है. अमेरिका में 18 मार्च 2018 को हुई एक ऐसी ही घटना ने पूरे देश को हिला दिया था. 136 किलो वजनी महिला द्वारा अपने प्रेमी पर कूदकर बैठ जाने से उसकी मौत हो गई थी. मामला इतना अनोखा था कि मीडिया में इसे “वेट कम्प्रेशन हॉमिसाइड” कहा गया.
44 वर्षीय कीनो बटलर का वजन मात्र 120 पाउंड (लगभग 54 किलो) था. वह अपनी 300 पाउंड (136 किलो) वजनी गर्लफ्रेंड विंडी थॉमस के साथ रहता था. दोनों के बीच अक्सर छोटी-छोटी बातों पर झगड़े होते रहते थे. 18 मार्च को भी झगड़ा शुरू हुआ और बात हाथापाई तक पहुंच गई. लेकिन इसके आगे जो हुआ, उसने सभी को हैरान कर दिया.

मोटापा बना कारण
पुलिस जांच के अनुसार गुस्से में विंडी थॉमस अपने प्रेमी कीनो पर कूदकर बैठ गई. उसके भारी वजन ने कीनो की छाती और गर्दन पर इतना दबाव डाला कि वह सांस नहीं ले पाया. इससे मौके पर ही उसकी सांस रुक गई. अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. एरी काउंटी के कोरोनर ने मौत का कारण “रेस्पिरेटरी इंसफिशिएंसी ड्यू टू कम्प्रेशन ऑफ चेस्ट एंड नेक” बताया था. यानी छाती और गर्दन पर पड़े भारी दबाव से सांस लेने की क्षमता खत्म हो गई थी. मामले को हत्या (homicide) करार दिया गया.
कोर्ट में क्या हुआ?
विंडी थॉमस पर थर्ड डिग्री मर्डर का केस चला. लंबी सुनवाई के बाद विंडी ने गुनाह कबूल कर लिया. अदालत ने उसे 18 से 36 साल तक की जेल की सजा सुनाई. मामले की खास बात यह थी कि दोनों के वजन में इतना बड़ा अंतर था कि यह घटना मीडिया की सुर्खियों में छा गई. यह मामला सिर्फ एक प्रेम कहानी नहीं बल्कि मोटापे के खतरों की भी मिसाल बन गया.
विशेषज्ञों का कहना है कि 100 किलो से ज्यादा वजन वाले व्यक्ति का दूसरे पर गिरना या कूदना सामान्य व्यक्ति के लिए घातक साबित हो सकता है. खासकर सीने पर दबाव पड़ने से फेफड़े और दिल प्रभावित होते हैं. कीनो बटलर की मौत ने दिखाया कि गुस्से में लिया गया एक गलत कदम कितना खतरनाक हो सकता है. विंडी थॉमस को भी अपनी गलती का एहसास हुआ, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी.
सोशल मीडिया पर चर्चा
जब यह खबर वायरल हुई तो लोग हैरान थे. कुछ ने लिखा – “प्यार में वजन भी जानलेवा हो सकता है”, कुछ ने मोटापे पर कटाक्ष किया तो कुछ ने कहा “गुस्सा काबू में रखना चाहिए”. केस ने वजन में अंतर वाली रिलेशनशिप पर भी बहस छेड़ दी थी. विंडी थॉमस आज जेल में सजा काट रही है और शायद अपनी गलती पर पछता रही होगी.
