



सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऐसा वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने लोगों को हैरान कर दिया है. वीडियो में कुछ बकरियां बड़े चाव से बियर पीती हुई नजर आई. पहली नजर में यह नजारा अजीब लग सकता है, लेकिन वीडियो के साथ किए गए दावों के अनुसार कुछ पशुपालक विशेष परिस्थितियों में बकरियों को दवा या सपोर्टिव केयर के रूप में सीमित मात्रा में बियर देते हैं. हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि इसे सामान्य पशुपालन का हिस्सा नहीं माना जाना चाहिए और बिना पशु चिकित्सक की सलाह ऐसा करना उचित नहीं है.
वीडियो के साथ शेयर की गई जानकारी के अनुसार, बकरियां रूमिनेंट (जुगाली करने वाले) जानवर होती हैं. उनके पेट में कई हिस्से होते हैं, जिनमें सबसे महत्वपूर्ण रूमेन (Rumen) होता है. यह एक प्राकृतिक फर्मेंटेशन चैंबर की तरह काम करता है, जहां सूक्ष्मजीव पौधों में मौजूद रेशों (सेल्यूलोज) को तोड़कर पोषक तत्वों में बदलने में मदद करते हैं.

पशुपालकों का कहना है कि यदि किसी बकरी का रूमेन सही तरह से काम नहीं कर रहा हो या वह बीमारी, तनाव या अन्य कारणों से कमजोर हो गई हो, तो उसके पाचन तंत्र को बेहतर बनाने के लिए पशु चिकित्सक की सलाह पर कुछ सपोर्टिव उपाय अपनाए जाते हैं. वायरल पोस्ट में दावा किया गया है कि फ्लैट (बिना गैस वाली) डार्क स्टाउट बियर में मौजूद यीस्ट, फर्मेंटेशन से बने कुछ तत्व, बी-विटामिन और कुछ खनिज रूमेन के लिए सहायक हो सकते हैं.
https://www.instagram.com/reel/DbS9LmVR2Sl/?utm_source=ig_web_copy_link&igsh=NTc4MTIwNjQ2YQ==
दवा बन जाती है दारु
वायरल पोस्ट में एक पशुपालक अपनी न्यूबियन नस्ल की बकरी ‘ब्लिस’ का उदाहरण भी देता है. उसके अनुसार, गर्भावस्था, तीन बच्चों को जन्म देने और लंबी यात्रा के बाद बकरी का वजन काफी कम हो गया था. अब वह सामान्य रूप से खाना तो खा रही थी, लेकिन उसका वजन उम्मीद के मुताबिक नहीं बढ़ रहा था.
ऐसे में उसके रूमेन की कार्यक्षमता और पोषण में सहायता के लिए पशु चिकित्सकीय सलाह के अनुरूप सपोर्टिव देखभाल की गई, जिसमें सीमित मात्रा में फ्लैट डार्क स्टाउट बियर भी शामिल थी. पोस्ट के अनुसार, बियर को सीधे नहीं पिलाया जाता.
पहले उसका ढक्कन खोलकर उसमें मौजूद गैस निकलने दी जाती है, ताकि वह फ्लैट हो जाए. इसके बाद ही बहुत सीमित मात्रा में उसे दिया जाता है. वीडियो में बकरियां इसे खुशी-खुशी पीती हुई नजर आई जिससे लोगों की उत्सुकता और बढ़ गई.
क्लिनिकली नहीं है वेरिफाइड
हालांकि यहां एक महत्वपूर्ण बात समझना जरूरी है कि यह किसी भी तरह का सार्वभौमिक या वैज्ञानिक रूप से मान्यता प्राप्त नियमित उपचार नहीं है. कुछ पशु चिकित्सक विशेष परिस्थितियों में रूमेन सपोर्ट के लिए अलग-अलग उपाय सुझा सकते हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि हर बकरी को बियर पिलाना सुरक्षित या आवश्यक है.
पशु स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं कि यदि किसी बकरी को भूख कम लग रही हो, वजन नहीं बढ़ रहा हो या पाचन संबंधी समस्या हो, तो सबसे पहले उसका उचित परीक्षण कराना चाहिए. समस्या का कारण संक्रमण, परजीवी, पोषण की कमी या कोई अन्य बीमारी भी हो सकती है. ऐसे में केवल वायरल वीडियो देखकर घरेलू प्रयोग करना पशु के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है.
