


बिलासपुर। छत्तीसगढ़ बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में अपहरण कर 50 हजार रुपये की फिरौती मांगने और फर्जी गांजा केस में फंसाने की साजिश रचने वाले एक आरोपी और एक नाबालिग को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पीड़ित को चाकू की नोक पर अगवा कर जंगल ले जाकर धमकाया और परिजनों से फिरौती की मांग की। पुलिस ने आरोपियों को मौके पर दबोच लिया गया, फरार साथियों की तलाश पुलिस कर रही है।
अपहरण और फिरौती के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने एक आरोपी इशान सारथी पिता वीरू सारथी (उम्र 18 वर्ष 2 माह, निवासी महामाया चौक रतनपुर) और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर 50 हजार रुपये की फिरौती मांगने और अपहरण की गंभीर वारदात को अंजाम देने का आरोप है।

पढ़िए क्या है मामला?
घटना 24 जून 2026 की बताई जा रही है, जब भेलवापारा कलमीटार निवासी पीड़ित अपने घर के आंगन में बैठा हुआ था। इसी दौरान इशान सारथी, सोम रजक, निखिल रजक उर्फ एलियन और उनके साथी वहां पहुंचे और उसे बात करने के बहाने बाहर बुलाया। जैसे ही पीड़ित बाहर आया, आरोपियों ने उसके गले में धारदार चाकू अड़ा दिया और जबरदस्ती मोटरसाइकिल में बैठाकर कोरबा भांवर जंगल ले गए।
जंगल में आरोपियों ने पीड़ित को धमकाते हुए उसके सामने गांजा फैलाकर फोटो खींची और उसे फर्जी केस में फंसाने की साजिश रची। इसके बाद उसे धमकी देते हुए कहा, जैसा वे कहेंगे वैसा फोन पर बोलना होगा। आरोपियों ने पीड़ित से उसके घर फोन कॉल किया और पीड़ित से बोलवाया, वह गांजा मामले में पकड़ा गया है और केस को रफादफा करने के लिए 50 रुपये की व्यवस्था करनी होगी।
पीड़ित से बात कराने के बाद आरोपियों ने परिजनों को अलग-अलग स्थानों पर पैसे लेकर आने के लिए बुलाया। पहले महामाया मंदिर रतनपुर बाईपास बादल महल के पास और फिर हेलीपेड के पास। परिजनों को संदेह होने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर कार्रवाई की।
जैसे ही आरोपी पैसे लेने पहुंचे, पुलिस ने दो आरोपियों इशान सारथी और एक नाबालिग को मौके से दबोच लिया, जबकि सोम रजक और यश मौके से फरार हो गए। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।आरोपियों को पकड़ने चलाए गए अभियान में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक विष्णु यादव, सउनि नीलाकर सेठ, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक मनोज एक्का, आरक्षक पवन ठाकुर एवं लेखपाल खुसरो की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इन सामानों की बनाई जब्ती- चाकू, मोबाइल।
