बलरामपुर/ छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में एक किशोरी द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने एक युवक के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। घटना 8 अगस्त 2026 की है। दोपहर करीब एक बजे दहेजवार स्थित किराए के मकान में किशोरी ने पंखे से फांसी लगाकर जान दे दी थी। उस वक्त उसके माता-पिता राशन लेने राशन दुकान गए थे।

पड़ोस में रहने वाली नानी ने दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों को फोन किया था। परिजन घर पहुंचे और खिड़की से देखा तो किशोरी फंदे पर लटकी थी। पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़कर कमरे में गए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई थी।


पुलिस ने किशोरी के माता-पिता, बहन, सहेली का बयान दर्ज किया। इसी बीच इंस्टाग्राम चैट सामने आया। इससे पता चला कि चांदो रोड बलरामपुर निवासी आरोपी समीर खान (18) बीते दो साल से किशोरी को शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बना रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि पिछले छह महीने से आरोपी, किशोरी को गाली-गलौज, धमकी देकर नजरअंदाज करने लगा था और अन्य लड़कियों से बात करने लगा था।

किशोरी लगातार बात करने की कोशिश करती थी, लेकिन आरोपी बात नहीं करता था। किशोरी ने अपने परिचितों को इंस्टा मैसेज में कई बार लिखा था कि आरोपी ने उसकी जिंदगी बर्बाद कर दी है और अब पीछा छुड़ा रहा है, उसके पास मरने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा है। लगातार प्रताड़ना, गाली-गलौज और चरित्र पर लांछन लगाने से तंग आकर किशोरी ने आत्महत्या कर ली। मर्ग जांच में तथ्य स्पष्ट होने पर पुलिस ने आरोपी समीर खान के खिलाफ धारा 107 बीएनएस के तहत केस पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *