प्रेम विवाह की सजा मौत! : पिता, चाचा और बड़े पिता ने मिलकर कर दी बेटी की हत्या...

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। जिस बेटी की सुरक्षा की जिम्मेदारी परिवार की थी, उसी परिवार पर बेटी की हत्या का आरोप लगा है। बागबाहरा की रानी कुमारी हत्याकांड में पुलिस जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। आरोप है कि प्रेम विवाह से नाराज पिता, चाचा और बड़े पिता ने मिलकर रानी की हत्या की साजिश रची।

पटेवा थाना क्षेत्र के ग्राम तुरेंगा के खार के पास 25 वर्षीय रानी कुमारी की लाश मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी। मृतका की पहचान बागबाहरा निवासी रानी कुमारी पति प्रेम ध्रुव के रूप में हुई थी। जांच में सामने आया कि रानी ने अपनी पसंद से प्रेम ध्रुव से विवाह किया था। पुलिस के मुताबिक यही प्रेम विवाह उसके परिवार की नाराजगी की वजह बना। परिजनों को लगता था कि रानी के इस फैसले से उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है।


पुलिस के अनुसार 17 जून की रात रानी को उसके ससुराल से जबरदस्ती मोटरसाइकिल से तुरेंगा के खार की तरफ ले जाया गया। जहां कथित रूप से परिवार के लोगों ने ही उसके साथ खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। पुलिस जांच के मुताबिक चाचा दिनेश सिंह ने रानी का गला दबाया, वहीं बड़े पिता राजेश सिंह ने चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इस पूरी घटना के दौरान पिता उमेश सिंह मौके पर मौजूद था।

एक बेटी जिसने अपने जीवनसाथी को चुनने का फैसला लिया, उसी फैसले की कीमत उसे अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। यह घटना सिर्फ एक हत्या नहीं, बल्कि रिश्तों और इंसानियत को झकझोर देने वाली कहानी बन गई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिभा पाण्डेय ने बताया कि मामले में पुलिस ने मृतका के पिता उमेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि चाचा और बड़े पिता की तलाश जारी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अदालत में आरोप साबित होने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *