CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में रहने वालों के लिए मौसम को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। आने वाले तीन दिनों तक राज्य में एक बार फिर बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि मानसून फिर से रफ्तार पकड़ रहा है, जिसकी वजह से ज्यादातर इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके साथ ही कुछ जगहों पर तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने का भी खतरा बना हुआ है।

जानिए अगले 3 दिन कैसा रहेगा आपके शहर का हाल

तारीख के हिसाब से देखें तो 23 सितंबर को प्रदेश के कई इलाकों में बारिश के साथ 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 24 सितंबर को मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ के हिस्सों में इसका ज्यादा असर दिखेगा, जहां बादलों की गर्जना के साथ बिजली गिर सकती है। इसके बाद 25 सितंबर को भी राहत मिलने की उम्मीद कम है और राज्य भर में रुक-रुक कर बारिश और हवाओं का सिलसिला जारी रहने की उम्मीद जताई जा रही हैं।


क्यों अचानक बदला छत्तीसगढ़ का मौसम?

अचानक आए इस बदलाव के पीछे बंगाल की खाड़ी में बना एक नया सिस्टम जिम्मेदार है। बता दें कि समुद्र में हवा का दबाव बनने की वजह से छत्तीसगढ़ की तरफ काफी नमी आ रही है। इसके अलावा अरब सागर की तरफ से आ रही हवाएं भी बारिश को बढ़ावा दे रही हैं। इसी वजह से लगभग पूरे प्रदेश में काले बादल छाए हुए हैं और मौसम ठंडा हो गया है।

इन जिलों के लोग रहें ज्यादा सावधान

मौसम विभाग ने कुछ जिलों के लिए खास सावधानी बरतने को कहा है। रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बालोद, धमतरी, महासमुंद, कांकेर और बस्तर संभाग के इलाकों में बारिश का ज्यादा असर देखने को मिल सकता है। यहाँ 30 से 60 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएँ चल सकती हैं। ऐसे में खराब मौसम के दौरान लोगों को खुले मैदान या पेड़ों के नीचे न खड़े रहने की सलाह दी गई है।

राजधानी रायपुर में मौसम का हाल

पिछले 24 घंटों में भी राज्य की कई जगहों पर हल्की-फुल्की बौछारें पड़ी हैं, जिससे गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। अगर राजधानी रायपुर की बात करें तो यहाँ भी आसमान में बादल छाए रहेंगे और कभी भी बारिश हो सकती है। रायपुर में दिन का तापमान करीब 31 डिग्री और रात का तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *