

राजनांदगांव। जिले के सोमनी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवती इंदु साहू की मौत हो गई। सोमनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) के मेडिकल स्टोर में फार्मासिस्ट के पद पर कार्यरत इंदु साहू को एक तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम ठेकवा निवासी इंदु साहू अपने भाई सौरभ साहू के साथ शुक्रवार को ड्यूटी के लिए सोमनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची थीं। अस्पताल के पास सड़क पार करते समय एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। ट्रक का पहिया उनके ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार, टोल प्लाजा से टेड़ेसरा तक सड़क निर्माण और डामरीकरण का कार्य अशोका बिल्डकॉन कंपनी द्वारा कराया जा रहा है। निर्माण कार्य के कारण सड़क के एक हिस्से की डामर परत हटाई गई है, जिससे पूरा यातायात एक ही दिशा में डायवर्ट कर वन-वे व्यवस्था लागू की गई है। लोगों का आरोप है कि इस व्यवस्था के लिए पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम, चेतावनी संकेत और ट्रैफिक नियंत्रण के उपाय नहीं किए गए हैं। इससे लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है।


