

रायगढ़। रायगढ़ पुलिस ने “ऑपरेशन आघात” के तहत आज एक बड़ी कार्रवाई की। ओडिशा से मध्यप्रदेश ले जाई जा रही 300 किलोग्राम गांजा की खेप को पुलिस ने पकड़ा है। साथ ही तीन तस्करों को भी धर-दबोचा गया। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। इस दौरान करीब 1.50 करोड़ का गांजा सहित दो लग्जरी वाहन, मोबाइल फोन जब्त किया गया।
ओडिशा से मध्यप्रदेश भेजी जा रही थी गांजे की खेप
जानकारी के अनुसार आज सुबह उड़ीसा के सोनपुर क्षेत्र से गांजा की बड़ी खेप दो सफेद रंग की कारों के माध्यम से अनूपपुर (मध्यप्रदेश) ले जाई जा रही थी। सूचना की पुष्टि होने पर एसएसपी शशि मोहन सिंह द्वारा लैलूंगा पुलिस को तत्काल नाकेबंदी कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। ASP अनिल कुमार सोनी व एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के नेतृत्व में लैलूंगा पुलिस द्वारा नाकेबंदी की गई।

पकड़ी गई इनोवा और एक्सएल-6 इनोवा में मिली दोहरी नंबर प्लेट
इसी दौरान कटकलिया मार्ग पर घेराबंदी के दौरान मुखबिर के बताए अनुसार एक इनोवा और मारुति सुजुकी एक्सएल-6 को रोककर जांच की गई। सफेद रंग की इनोवा क्रिस्टा में दो नंबर प्लेट लगी हुई थी। वाहन में नंबर प्लेट OD-10-H-0050 के नीचे CG-13-BY-6540 अंकित नंबर प्लेट थी। संदिग्ध पाए जाने पर प्रभारी लैलूंगा द्वारा इनोवा वाहन में बैठे युवक निखील कश्यप और मारूति सुजुकी XL6 कार में सवार दो युवक रिंकु कश्यप और धर्मेन्द्र मौर्य को एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों की जानकारी देकर तलाशी ली गई।


300 किलो गांजा, दो लग्जरी वाहन जब्त
तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजा का कुल वजन लगभग 300 किलोग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपये है। पुलिस ने गांजा के साथ परिवहन में प्रयुक्त इनोवा क्रिस्टा वाहन (कीमत लगभग 20 लाख रुपये), मारुति सुजुकी एक्सएल-6 (कीमत लगभग 14 लाख रुपये) तथा पांच मोबाइल फोन, जिनमें दो आईफोन शामिल हैं।
अनूपपुर तक फैले नेटवर्क की तलाश में पुलिस टीम रवाना
पूछताछ में आरोपियों ने गांजा की खेप मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में अपने सहयोगियों तक पहुंचाने की जानकारी दी है। आरोपियों के विरुद्ध थाना लैलूंगा में धारा 20(बी) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मामले में फरार अन्य आरोपियों एवं पूरे तस्करी नेटवर्क की पतासाजी के लिए एसएसपी शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम सरगुजा और अनूपपुर (मध्यप्रदेश) रवाना की गई है।
गिरफ्तार आरोपी
1. निखिल कश्यप पिता अशोक कश्यप 23 साल, थाना रामानुंजगंज, जिला बलरामपुर
2. रिंकु कश्यप पिता राजू कश्यप 28 साल निवासी नवानगर चिरगापारा, थाना दरिमा जिला सरगुजा
3. धर्मेन्द्र कुमार मौर्य पिता रमेश कुमार मौर्य 27 साल निवासी हराटोला अनूपपुर (MP)
