



IND-W vs ZIM-W: रायपुर के मैदान पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने अपने आक्रामक खेल का शानदार प्रदर्शन करते हुए जिम्बाब्वे के खिलाफ तीसरे और आखिरी टी20 मुकाबले में 92 रनों से एकतरफा जीत दर्ज की. इस धमाकेदार जीत के साथ ही भारत ने तीन मैचों की टी20 सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप कर लिया.
इस मैच में पूर्व भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर की तूफानी वापसी देखने को मिली, जिन्होंने मैदान पर 41 गेंदों में नाबाद 91 रनों की पारी खेली और फिर इनिंग्स ब्रेक के दौरान अपनी भावनाओं पर काबू न रख पाने के कारण कैमरे के सामने ही भावुक होकर रो पड़ीं.

लंबे खराब फॉर्म के बाद गरजा बल्ला
हरमनप्रीत कौर के लिए पिछला कुछ समय काफी मुश्किल रहा था. टी20 एशिया कप की धीमी पिचों पर उनका बल्ला खामोश रहा था और इसके बाद जापान में हुए एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने वाली भारतीय टीम के अभियान में भी उन्हें क्रीज पर ज्यादा बल्लेबाजी का वक्त नहीं मिल सका था. इस सीरीज से पहले उन्होंने कप्तानी भी छोड़ दी थी. लेकिन रायपुर ने उन्होंने तूफानी पारी खेलकर फॉर्म में वापसी की.
फॉर्म में धमाकेदार वापसी के बाद जब इनिंग्स ब्रेक के दौरान उनसे बातचीत की गई, तो वो काफी भावुक हो गईं. हरमनप्रीत ने कहा, ‘क्रीज पर थोड़ा समय बिताकर बहुत अच्छा लग रहा है. मैं बस मैदान पर जाकर अपनी बल्लेबाजी का पूरा आनंद लेना चाहती थी और जितना हो सके लंबी पारी खेलना चाहती थी.’ यह कहते-कहते हरमनप्रीत की आंखों से आंसू छलक पड़े और वो बीच इंटरव्यू में ही अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख सकीं.
टीम इंडिया ने बोर्ड पर लगाया बड़ा स्कोर
इस मैच में कप्तान स्मृति मंधाना ने बाकी बल्लेबाजों को क्रीज पर समय देने के मकसद से खुद ओपनिंग न करने का फैसला किया और अनुष्का शर्मा को मौका दिया. शेफाली वर्मा और अनुष्का शर्मा ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 32 गेंदों में 54 रन जोड़कर मजबूत नींव रखी. शेफाली ने लगातार दूसरा अर्धशतक जड़ते हुए 37 गेंदों में 6 चौकों और 5 छक्कों की मदद से 69 रनों की आतिशी पारी खेली.
शेफाली के आउट होने के बाद हरमनप्रीत कौर ने चौकों-छक्कों की झड़ी लगा दी. उन्होंने 10 चौके और 5 छक्के उड़ाए. जिसके चलते भारत ने 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 216 बनाए. जीत के लिए मिले 217 रनों के विशाल टारगेट के जवाब में जिम्बाब्वे की महिला टीम 20 ओवरों में 7 विकेट पर सिर्फ 124 रन ही बना सकी और मुकाबले को 92 रनों के बड़े अंतर से गंवा बैठी.
इस मैच में भारत की ओर से नंदनी शर्मा ने कमाल की गेंदबाजी की और 3 विकेट चटकाए. वहीं, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, दीप्ति शर्मा और निकी प्रसाद ने 1-1 विकेट हासिल किया. टी20 सीरीज में 3-0 से एकतरफा जीत दर्ज करने के बाद अब दोनों टीमें वनडे फॉर्मेट की जंग के लिए तैयार हैं. भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज 23 अक्टूबर से वडोदरा में शुरू होगी.
