Asian Games 2026: भारतीय महिला हॉकी टीम ने इतिहास के पन्नों में अपना नाम स्वर्णिम अक्षरों से दर्ज करा लिया है. काफी रोमांचक और कांटे की टक्कर वाले फाइनल मुकाबले में भारत ने चीन को 1-0 से धूल चटाकर गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया. इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही भारतीय बेटियों ने एशियन गेम्स में 44 साल से चले आ रहे गोल्ड मेडल के लंबे सूखे को खत्म कर दिया है.

इस खिताबी जीत एशियाई चैंपियन बनने तक ही सीमित नहीं रही, बल्कि इसके साथ ही भारतीय महिला हॉकी टीम ने साल 2028 में होने वाले लॉस एंजेलिस ओलंपिक के लिए आधिकारिक टिकट भी हासिल कर लिया है.


महिला हॉकी टीम की ऐतिहासिक जीत

भारत की इस ऐतिहासिक जीत की हीरो फॉरवर्ड खिलाड़ी लालरेमसियामी रहीं, जिनके जादुई गोल ने पूरे देश को जश्न में डुबो दिया. उन्होंने मुकाबले के पहले ही क्वार्टर में चीनी डिफेंस को तहस नहस कर दिया. मैच के 10वें मिनट में साथी खिलाड़ी साक्षी ने सूझबूझ दिखाते हुए गेंद लालरेमसियामी की ओर बढ़ाई.

लालरेमसियामी ने तुरंत अपनी दिशा बदली और मुड़ते हुए एक सनसनीखेज तोमाहॉक शॉट लगाया. उनका यह प्रहार इतना तेज और सटीक था कि चीनी गोलकीपर डाइव लगाने के बाद भी बेबस नजर आईं और गेंद सीधे गोल पोस्ट के कोने में जा समाई. इस एकलौते गोल ने भारत को मैच में अजेय बढ़त दिला दी, जिसे भारतीय डिफेंस ने मैच के आखिरी मिनट तक बरकरार रखा.

खत्म हुआ 44 साल का लंबा इंतजार

भारतीय महिला हॉकी के लिए यह जीत कई दशकों के संघर्ष और दर्द को भुलाने वाली है. एशियन गेम्स के इतिहास में भारतीय महिला टीम ने इससे पहले सिर्फ एक बार साल 1982 के नई दिल्ली एशियाड में गोल्ड मेडल जीता था. उसके बाद से चार दशकों से ज्यादा समय बीत गया, लेकिन टीम इंडिया सोने के तमगे तक नहीं पहुंच सकी थी.

भारतीय टीम साल 1998 में साउथ कोरिया और साल 2018 में जापान से फाइनल में हारकर सिल्वर मेडल से संतोष कर चुकी थी. लेकिन नागोया के मैदान पर मौजूदा चैंपियन चीन को धूल चटाकर भारतीय खिलाड़ियों ने 44 साल का इंतजार खत्म कर दिया.

ओलंपिक 2028 का टिकट हुआ पक्का

इस फाइनल जीत ने भारत के ओलंपिक अभियान को भी सबसे बड़ा बूस्ट दिया है. एशियन गेम्स के नियमों के मुताबिक, महिला हॉकी इवेंट में गोल्ड जीतने वाली टीम सीधे आगामी ओलंपिक के लिए क्वालिफाई करती है. जिसके चलते भारत ने 2028 के लॉस एंजेलिस ओलंपिक के लिए क्वालिफाई कर लिया है.

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *