



इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल यानी आईसीसी में शामिल सदस्यों की मीटिंग अभी बाली में चल रही है, जिसमें मौजूदा साइकल जो साल 2031 में खत्म होगी, उसके बाद के चक्र के लिए तैयार किए गए शेड्यूल को मंजूरी मिल सकती है। मौजूदा साइकल का अंत साल 2031 में होने वाले भारत और बांग्लादेश की संयुक्त मेजबानी में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप के साथ खत्म हो जाएगी।
इसके बाद अगले साइकल की शुरुआत होगी जिसमें कई बड़े ग्लोबल इवेंट्स का आयोजन किया जाना है जिसमें वनडे वर्ल्ड कप के अलावा टी20 वर्ल्ड कप, चैंपियंस ट्रॉफी और वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल मैच शामिल है। 2032-35 के साइकल के लिए जो शेड्यूल तैयार किया गया है, उसमें छह ग्लोबल इवेंट्स शामिल हैं, जिसमें 8 टीमों के बीच होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी भी शामिल है।

आईसीसी की इस मीटिंग में मौजूदा साइकल के लिए रेवेन्यू बंटवारे को भी मंजूरी मिलने की उम्मीद है जिसमें सदस्यों के बीच बांटने के लिए लगभग 650 मिलियन अमेरिकी डॉलर उपलब्ध हैं और ऐसी संभावना है कि रेवेन्यू मौजूदा शेयरिंग फॉर्मूले के आधार पर ही बांटा जाएगा।
ICC की अगले साइकल में हर साल एक ग्लोबल इवेंट कराने की प्लानिंग
साल 2032 से 2035 के बीच की अगली साइकल के लिए क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार सूत्रों के मुताबिक आईसीसी की इस साइकल की तरह अगले साइकल में भी हर साल कम से कम एक ग्लोबल इवेंट कराने की योजना है, जिसकी शुरुआत साल 2032 में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप के साथ होगी, जिसमें इसे अक्टूबर-नवंबर महीने में कराने का फैसला लिया गया है लेकिन यह कहां पर खेला जाएगा अभी इसका खुलासा नहीं हुआ है।
वहीं इसके अलावा साल 2033 में जून के महीने में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल मैच के अलावा अक्टूबर महीने में चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन किया जाएगा। वहीं इसके बाद साल 2034 में टी20 वर्ल्ड कप खेला जाएगा।
वनडे वर्ल्ड कप के लिए अभी कोई विंडो ICC ने नहीं की तय
वनडे वर्ल्ड कप का आयोजन साल 2027 के बाद 2031 और उसके बाद अगली साइकल में साल 2035 में किया जाएगा, जिसमें आईसीसी की तरफ से साल 2035 के वनडे वर्ल्ड कप के लिए अभी कोई समय तय नहीं किया गया है। इसके अलावा WTC फाइनल भी इसी साल होना है और उसको लेकर भी अभी विंडो का खुलासा नहीं किया गया है। आईसीसी ने फिलहाल इंग्लैंड को 2027, 2029 और 2031 में होने वाले WTC फाइनल मैच की मेजबानी के अधिकार पहले ही दे दिए हैं। ICC ने साल 2033 की चैंपियंस ट्रॉफी के फॉर्मेट पर भी चुप्पी साधे रखी है। वहीं बाली में इस बैठक में 2027-29 और 2029-31 साइकल के लिए WTC मुकाबलों को भी मंजूरी दी जाएगी।
टी20 लीगों को मंजूरी देते समय ICC अपनी भूमिका पर फिर से विचार करेगा
आईसीसी की इस मीटिंग में ICC बोर्ड फ्रेंचाइजी लीग रिव्यू ग्रुप की सिफारिशों पर भी चर्चा करेगा, जिसमें ऐसा माना जा रहा है कि आईसीसी टी20 लीगों को मंजूरी देते समय अपनी भूमिका पर फिर से विचार करेगा। ICC के अनुसार फ्रेंचाइजी लीग रिव्यू ग्रुप का मकसद मौजूदा ICC नियमों और ढांचे को बेहतर बनाना है, ताकि फ्रेंचाइजी लीगों की बढ़ती संख्या से पैदा होने वाली नई चुनौतियों का सामना किया जा सके और पूरे इकोसिस्टम को मजबूत और सुरक्षित बनाया जा सके।
