



जांजगीर-चांपा। एसपी विजय कुमार पाण्डेय IPS ने लापरवाही बरतने वाले उपनिरीक्षक भवानी सिंह चौहान चौकी नैला के विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबित सब इंस्पेक्टर को रक्षित केंद्र संबद्ध कर दिया है।
जानिए पूरा मामला
उपनिरीक्षक भवानी सिंह चौहान द्वारा चौकी नैला, थाना जांजगीर में दर्ज अपहरण, चोरी, छेड़छाड़ एवं मारपीट जैसे गंभीर अपराधों की जाँच की जा रही थी। बावजूद इसके उन्होंने प्रकरणों की जांच को लंबे समय तक बिना किसी कारण के लंबित रखा तथा विवेचना और प्रकरणों के निराकरण में अपेक्षित गंभीरता एवं रुचि नहीं दिखाई।

एसपी विजय पाण्डेय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इसे कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही माना और तत्काल प्रभाव से निलंबन की कार्रवाई की। साथ ही उन्हें रक्षित केंद्र संबद्ध कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक का स्पष्ट संदेश है कि विवेचना कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही, उदासीनता या अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
लंबित प्रकरणों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण तथा पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कर्तव्य में कोताही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
