



दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। जिले में 66 मामलों में जब्त 1.20 कारोड़ के नशीले पदार्थों का भिलाई इस्पात संयंत्र में नष्टीकरण किया गया। इनमें 138.196 किलोग्राम गांजा, 114.56 ग्राम हेरोइन, 1758 टेबलेट, 2772 कैप्सूल और 837 नग सीरप शामिल थी। यह कार्रवाई पर्यावरण विभाग एवं संबंधित विभागों से आवश्यक अनुमति मिलने पर सुरक्षा मानकों का पालन कर किया गया।
दरअसल, जिला दुर्ग के विभिन्न थाना व चौकी क्षेत्रों में अवैध मादक पदार्थ संबंधी 66 प्रकरणों में जब्त सामग्री के संबंध में न्यायालयीन व वैधानिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद नष्टीकरण की कार्रवाई की गई। इस पूरी प्रक्रिया में निर्धारित नियमों व सुरक्षा मानकों का पालन किया गया। कार्रवाई के दौरान SSP विजय अग्रवाल व जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति के अध्यक्ष शोभराज अग्रवाल समेत पुलिस अधिकारी मौजूद थे।

भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) के एसएमएस-03 प्लांट स्थित भस्मीकरण संयंत्र में जब्त मादक पदार्थों का नष्टीकरण किया गया। नशीली दवाई (सीरप) का नष्टीकरण थाना नेवई क्षेत्र के नेवईभाठा में निर्धारित प्रक्रिया के तहत किया गया।
जब्त सामग्री
1. गांजा – 138.196 किलोग्राम
2. हेरोइन – 114.56 ग्राम
3. नशीली टेबलेट – 1758 नग
4. नशीले कैप्सूल – 2772 नग
5. नशीली दवाई (सीरप) – 837 नग
अनुमानित कुल कीमत – लगभग 1.20 करोड़ रुपये।
दुर्ग पुलिस की अपील
आम नागरिकों से दुर्ग पुलिस ने अपील करते हुए कहा कि मादक पदार्थों के अवैध उत्पादन, परिवहन, विक्रय व सेवन से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। नशे के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई व समाज की सुरक्षा के लिए नागरिकों का सहयोग आवश्यक है। मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
