कांकेर। काम दिलाने का झांसा देकर महिला को मध्यप्रदेश ले जाने और कथित तौर पर 50 हजार रुपये में बेचकर उसकी शादी कराने के मामले में बांदे पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में एक महिला समेत कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। महिला को करीब पांच महीने बाद मध्यप्रदेश से बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार, बांदे थाना क्षेत्र के बेलगाल निवासी महिला के पति ने 9 अप्रैल 2026 को थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद पुलिस महिला की तलाश में जुटी थी। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 5 अगस्त को मध्यप्रदेश पहुंचकर महिला को बरामद किया।


पूछताछ में महिला ने पुलिस को बताया कि अनीता पवार, जमना लाल भील और जितेंद्र राठौर ने उसे काम दिलाने का झांसा दिया और मध्यप्रदेश ले गए। आरोप है कि वहां महिला को 50 हजार रुपये में जितेंद्र राठौर के पास बेच दिया गया और उसकी शादी करा दी गई।

पुलिस के मुताबिक महिला को करीब पांच महीने तक जितेंद्र राठौर के घर में रखा गया था। महिला के बरामद होने के बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच आगे बढ़ाई और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। मामले में बांदे थाना पुलिस की टीम आगे की जांच कर रही है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *