



कोरबा। जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र स्थित एसईसीएल सुभाष ब्लॉक कॉलोनी में 29 वर्षीय युवक अंकित सोनवानी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जांच के बाद पुलिस ने इसे हत्या का मामला बताते हुए मृतक की पत्नी प्रिया सोनवानी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
कमरे में संदिग्ध हालत में मिला था युवक
पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन अंकित सोनवानी शराब के नशे में अपने घर पहुंचा था। इसके बाद वह अपने कमरे में चला गया। उस समय कमरे में उसकी पत्नी प्रिया सोनवानी भी मौजूद थी। कुछ देर बाद अचानक अंकित के गिरने की आवाज आई। इसके बाद पत्नी ने शोर मचाया। आवाज सुनकर अंकित का छोटा भाई आशीष और परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे।

वहां अंकित घायल अवस्था में मिला और उसके पैर में चाकू लगा हुआ था। घायल अंकित के पैर से काफी खून बह रहा था। परिजनों ने तत्काल उसे इलाज के लिए एसईसीएल के विभागीय अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए निजी अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही अंकित की मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी।
चाकू लगने से अधिक रक्तस्राव बना मौत की वजह
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि जांच में सामने आया कि अंकित की मौत पैर में चाकू लगने के बाद अत्यधिक खून बहने के कारण हुई। ज्यादा रक्तस्राव की वजह से उसका ब्लड प्रेशर काफी कम हो गया था। मेडिकल जांच में यह भी जानकारी सामने आई कि अंकित को ऐसी बीमारी थी, जिसमें शरीर में खून का थक्का बनने में सामान्य से अधिक समय लगता है। इसके कारण चोट लगने के बाद रक्तस्राव ज्यादा बढ़ गया और उसकी हालत गंभीर हो गई।
विवाद के बाद वारदात की आशंका
पुलिस जांच में सामने आया कि अंकित शराब पीने के बाद अक्सर अपनी पत्नी से विवाद और मारपीट करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कई बार तनाव की स्थिति बनती थी। पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन भी दोनों के बीच विवाद हुआ था।
आरोप है कि इसी दौरान गुस्से में आकर प्रिया सोनवानी ने अंकित के पैर में चाकू मार दिया। जांच में यह भी सामने आया कि चोट लगने के बाद अंकित को तत्काल अस्पताल नहीं ले जाया गया, जिसके कारण काफी मात्रा में खून बह गया और उसकी स्थिति बिगड़ती चली गई।
पत्नी को गिरफ्तार कर भेजा गया जेल
मामले की जांच के बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी प्रिया सोनवानी को आरोपी बनाया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों, मेडिकल रिपोर्ट और जांच के आधार पर कार्रवाई की गई है।
पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। इस घटना के बाद एसईसीएल सुभाष ब्लॉक कॉलोनी में चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोगों के अनुसार, युवक की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है।
