बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में धनतेरस के दिन हुए दर्दनाक करंट हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। हाईटेंशन तार की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलसीं वर्षा गुप्ता ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उन्होंने रायपुर के अस्पताल में अंतिम सांस ली। इससे पहले उनके पति राकेश गुप्ता और बेटे ओम की मौत हो चुकी थी। एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।

पति को बचाने दौड़ी पत्नी, बेटा भी आया करंट की चपेट में

यह दर्दनाक हादसा धनतेरस के दिन बलौदाबाजार के नेहरू चौक इलाके में हुआ था। जानकारी के मुताबिक, गुप्ता परिवार दिवाली की तैयारी के लिए घर की सफाई कर रहा था। इसी दौरान घर के पास से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में सबसे पहले राकेश गुप्ता आ गए। पति को करंट की चपेट में आया देखकर वर्षा गुप्ता उन्हें बचाने के लिए आगे बढ़ीं। इस दौरान वह भी बिजली के करंट से बुरी तरह झुलस गईं। इसी हादसे में उनका बेटा ओम भी चपेट में आ गया।


पहले पिता-पुत्र की मौत, अब मां ने भी तोड़ा दम

हादसे के बाद तीनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया था। हालांकि, गंभीर रूप से झुलसने के कारण राकेश गुप्ता और उनके बेटे ओम की पहले ही मौत हो गई थी। वहीं, गंभीर हालत में वर्षा गुप्ता का रायपुर में इलाज चल रहा था। तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका और अब उनकी भी मौत हो गई।

घर से महज पांच फीट की दूरी से गुजर रही थी हाईटेंशन लाइन

इस हादसे के बाद बिजली विभाग की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। बताया जा रहा है कि गुप्ता परिवार के घर से महज पांच फीट की दूरी से हाईटेंशन बिजली लाइन गुजर रही थी। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि रिहायशी मकान के इतने करीब से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को लेकर सुरक्षा के क्या इंतजाम किए गए थे?

एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से मातम

धनतेरस पर जिस परिवार में दीपावली की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। हादसे में पति, पत्नी और बेटे की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। इस घटना ने एक बार फिर रिहायशी इलाकों में हाईटेंशन बिजली लाइनों की सुरक्षा और बिजली विभाग की जिम्मेदारी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि इस दर्दनाक हादसे के बाद संबंधित विभाग की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *