दुर्ग-रायपुर नेशनल हाईवे पर मंगलवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है, जिसके कारण हाईवे पर घंटों यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा। दोपहर करीब 2 बजे सुपेला फ्लाईओवर पर लोहे के भारी-भरकम वायर बंडलों से लदा एक तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर बीच सड़क पर ही पलट गया।

जोरदार टक्कर के कारण ट्रक का अगला टायर फट गया और उसमें लोड लोहे का सारा माल सड़क पर बिखर गया। इस दुर्घटना में ट्रक चालक को मामूली चोटें आई हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना का मुख्य कारण चालक को अचानक नींद की झपकी आना बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि ट्रक रायपुर की दिशा में जा रहा था, तभी सुपेला फ्लाईओवर पर चढ़ते ही चालक को नींद की झपकी आ गई।


झपकी आने से ट्रक पर से उसका नियंत्रण पूरी तरह से छूट गया और बेकाबू हुआ तेज रफ्तार ट्रक सीधे डिवाइडर से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि धमाके के साथ ट्रक का अगला टायर फट गया और ट्रक अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर के बीचों-बीच पलट गया। हादसे के वक्त ट्रक में लदे लोहे के भारी-भरकम वायर बंडल पूरी सड़क पर फैल गए।

2 घंटे तक ठप रहा हाईवे, सर्विस रोड से निकाले गए वाहन

हादसे के तुरंत बाद सुरक्षा और बचाव कार्य के मद्देनजर सुपेला फ्लाईओवर पर वाहनों की आवाजाही को पूरी तरह से रोक दिया गया। लोहे के भारी बंडलों के मुख्य मार्ग पर बिखरे होने के कारण हाईवे पर यातायात पूरी तरह से ठप हो गया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं।

घटना की सूचना मिलते ही सुपेला थाना पुलिस और दुर्ग यातायात पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। स्थिति को संभालते हुए ट्रैफिक पुलिस ने तत्परता दिखाई और हाईवे पर फंसे वाहनों को सर्विस रोड की ओर डायवर्ट किया। आम नागरिकों और वाहन चालकों को ज्यादा परेशानी का सामना न करना पड़े।

पुलिस ने तत्काल बड़ी क्रेनों को मौके पर बुलाया और कड़ी मशक्कत के बाद सड़क पर पलटे हुए ट्रक तथा बिखरे हुए लोहे के भारी बंडलों को हटाकर किनारे कराया। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को मार्ग से हटाने और सड़क को पूरी तरह साफ करने में करीब 2 से 3 घंटे का समय लग गया। शाम करीब 5 बजे जाकर सुपेला फ्लाईओवर पर यातायात को पूरी तरह से बहाल और सामान्य किया जा सका। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed