बिलासपुर। तीज और गणेश चतुर्थी पर्व के बीच सकरी क्षेत्र के संबलपुरी गांव में हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। गणेश पंडाल के पास दो युवकों के बीच हुए विवाद के बाद एक युवक ने दूसरे पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में 22 वर्षीय आकाश सूर्यवंशी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी 23 वर्षीय अमन सूर्यवंशी को गिरफ्तार कर लिया है।

गणेश पंडाल के पास शुरू हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक संबलपुरी गांव में राशन दुकान के सामने गणेश पंडाल लगाया गया है। इसी पंडाल के पास अमन सूर्यवंशी और आकाश सूर्यवंशी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों के बीच झगड़ा बढ़ गया। इसी दौरान अमन ने अपने पास रखे चाकू से आकाश के सीने पर लगातार वार कर दिए। अचानक हुए हमले से आकाश मौके पर ही गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।


घायल को लेकर पहुंचे सिम्स, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

ग्रामीणों ने घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल आकाश को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल भेजा गया। हालांकि अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने आरोपी अमन सूर्यवंशी को गिरफ्तार कर लिया और उससे पूछताछ शुरू कर दी है।

नशा मुक्ति केंद्र से लौटकर आया था आरोपी

पुलिस के मुताबिक आरोपी अमन सूर्यवंशी नशे का आदी बताया जा रहा है। वह हाल ही में नशा मुक्ति केंद्र से रिहा होकर वापस गांव लौटा था। हालांकि हत्या के पीछे वास्तविक वजह क्या थी, इसे लेकर पुलिस अभी जांच कर रही है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर विवाद की शुरुआत और हत्या की वजह पता लगाने में जुटी है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *