



अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले में पुलिस ने गांजा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। स्कार्पियो में ओडिशा से गांजा लोड कर उत्तर प्रदेश ले जा रहे दो तस्करों को पकड़ा गया। साथ ही आरोपियों के कब्जे से करीब 138.4 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया।
स्कॉर्पियो में गांजा तस्करी
डीआईजी व एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देश पर जिले में तस्करी में शामिल आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना लुण्ड्रा पुलिस टीम को 13 सितम्बर को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ व्यक्ति ओडिशा के ब्रह्मपुर से सफेद रंग की स्कॉर्पियो में गांजा भरकर उत्तर प्रदेश की ओर आ रहे है। इस सूचना पर थाना लुण्ड्रा पुलिस टीम द्वारा कार्रवाई करते हुए नाकाबंदी कर बरगडीह के पास घेराबंदी की गई।

गन्ने के खेत में छिपा
पुलिस टीम को देखकर आरोपी स्कार्पियो को छोड़कर पास के गन्ने के खेत में छिप गए। पुलिस ने सर्चिंग अभियान चलाकर गन्ने के खेत से दो संदिग्धों को हिरासत में लिया।पुलिस टीम द्वारा दोनों आरोपियों से पूछताछ करने पर अपना नाम बलराज सिंह बिन्द्रा और अजय बंसल बताये। एक आरोपी मौके से फरार हो गया। दोनों आरोपियों के निशानदेही पर पुलिस टीम द्वारा स्कार्पियो से 53 पैकेटों में रखा हुआ कुल 138.4 किलोग्राम गांजा कीमत 69 लाख और स्कार्पियो व 2 नग मोबाइल जब्त किया गया।
फरार आरोपी की तलाश जारी
आरोपियों से जब्त गांजा के सम्बन्ध में वैध दस्तावेज पेश न करने पर थाना लुण्ड्रा में धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया। साथ ही आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। सरगुजा पुलिस द्वारा तस्करी के इस पूरे नेटवर्क और फरार आरोपी की तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी लुण्ड्रा निरीक्षक असफाक अहमद अंसारी, चौकी प्रभारी रघुनाथपुर उप निरीक्षक आर. एन. पटेल, सहायक उप निरीक्षक महेन्द्र सिंह, प्रधान आरक्षक महेश कुमार, आरक्षक शिवप्रसाद खलखो, इबनुल खान, बहाल राम, आशिष सक्रिय रहे।
