



दुर्ग। भारतीय सिनेमा के इतिहास में जब भी मधुर, भावपूर्ण और सुरों से सजी गायकी की बात होती है, तो सबसे पहले जिस महान गायक का नाम श्रद्धा और सम्मान के साथ लिया जाता है, वह हैं स्वर सम्राट पद्मश्री मोहम्मद रफ़ी साहब। अपनी मधुर, बहुआयामी एवं भावपूर्ण आवाज़ से करोड़ों संगीत प्रेमियों के दिलों पर अमिट छाप छोड़ने वाले रफ़ी साहब आज भी अपने हजारों अमर गीतों के माध्यम से संगीत प्रेमियों के हृदय में जीवित हैं। उनके गीतों में प्रेम, भक्ति, देशभक्ति, विरह, हास्य और जीवन के हर भाव की ऐसी अभिव्यक्ति मिलती है, जो हर पीढ़ी को समान रूप से आकर्षित करती है।
इन्हीं महान गायक को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करने के उद्देश्य से द वॉइस ऑफ दुर्ग सिटी रफ़ी फाउंडेशन द्वारा 30 जुलाई 2026 (गुरुवार) सायं 6:30 बजे तकिया पारा, मुस्लिम सराय, दुर्ग में एक भव्य “संगीतमय श्रद्धांजलि संध्या” का आयोजन किया जा रहा है।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सुप्रसिद्ध गायक संजय लारोकर एवं उनकी टीम की विशेष प्रस्तुति होगी। लारोकर अपनी सुमधुर एवं हुबहू मोहम्मद रफ़ी साहब जैसी आवाज़ के लिए संगीत प्रेमियों के बीच विशेष पहचान रखते हैं। उनकी प्रस्तुति सुनकर ऐसा अनुभव होता है मानो स्वयं रफ़ी साहब मंच पर अपने अमर गीतों से श्रोताओं का मन मोह रहे हों। इस अवसर पर रफ़ी साहब के लोकप्रिय एवं कालजयी गीतों के साथ-साथ हिन्दी सिनेमा के स्वर्णिम युग के चुनिंदा सदाबहार गीतों की भी मनमोहक प्रस्तुति दी जाएगी। यह संध्या निश्चित रूप से नगरवासियों के लिए एक अविस्मरणीय संगीत उत्सव सिद्ध होगी।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि दुर्ग नगर पालिक निगम की महापौर श्रीमती अलका बाघमार होंगी। महापौर का दायित्व संभालने के पश्चात उन्होंने शहर में सांस्कृतिक एवं संगीतमय आयोजनों को निरंतर प्रोत्साहित किया है। उनके संरक्षण एवं सहयोग से दुर्ग शहर में संगीत और सांस्कृतिक गतिविधियों को नई ऊर्जा मिली है तथा कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रस्तुत करने का सशक्त मंच प्राप्त हुआ है।
विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजसेवी कैलाश जैन बरमेचा उपस्थित रहेंगे। बरमेचा विगत तीन-चार वर्षों से संगीत, साहित्य, क्रीड़ा, खेल, शिक्षा एवं चिकित्सा जैसे विविध क्षेत्रों में उल्लेखनीय एवं सराहनीय योगदान देकर समाज सेवा की नई मिसाल प्रस्तुत कर रहे हैं। उनके सतत सहयोग एवं सक्रिय सहभागिता से शहर की सामाजिक और सांस्कृतिक छवि को नई पहचान मिली है।
इसी प्रकार लीनेस क्लब ऑफ दुर्ग सिटी की अध्यक्ष श्रीमती आकांक्षा मिश्रा भी विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगी। वे लीनेस क्लब, लायंस क्लब सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़कर तन, मन एवं धन से निरंतर सेवा कार्यों में जुटी रहती हैं। उनकी कर्मठता, सामाजिक संवेदनशीलता और सेवा भावना उन्हें शहर की सक्रिय एवं जुझारू समाजसेविका के रूप में स्थापित करती है।
कार्यक्रम में सेवानिवृत्त उपवन मंडला अधिकारी अब्दुल वहिद ख़ान भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति प्रदान करेंगे। उन्होंने अपने शासकीय सेवाकाल तथा सेवानिवृत्ति के बाद भी पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण एवं हरित अभियान के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर समाज के लिए प्रेरणादायी मिसाल कायम की है।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष (कैबिनेट मंत्री दर्जा) माननीय राकेश पाण्डेय एवं वैशाली नगर विधायक माननीय रिकेश सेन की गरिमामयी उपस्थिति हेतु भी सहमति प्राप्त हो चुकी है। उनके आगमन से कार्यक्रम की गरिमा और अधिक बढ़ेगी तथा संगीत प्रेमियों को जनप्रतिनिधियों के सान्निध्य में इस संगीतमय आयोजन का आनंद लेने का अवसर मिलेगा।
द वॉइस ऑफ दुर्ग सिटी रफ़ी फाउंडेशन के सचिव जाहिद अली ने शहर के समस्त संगीत प्रेमियों एवं नागरिकों से इस संगीतमय श्रद्धांजलि संध्या में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आज के भागदौड़ एवं तनावपूर्ण जीवन में मधुर संगीत मन को शांति, ऊर्जा और सकारात्मकता प्रदान करता है। सुप्रसिद्ध गायक संजय लारोकर की हुबहू मोहम्मद रफ़ी साहब जैसी सुमधुर आवाज़ का श्रवण कर श्रोता कुछ समय के लिए अपनी दैनिक जीवन की व्यस्तताओं एवं तनाव को भूलकर संगीत के स्वर्णिम संसार में खो जाएंगे। यह कार्यक्रम केवल श्रद्धांजलि नहीं, बल्कि संगीत के माध्यम से मन, मस्तिष्क और आत्मा को सुकून देने का एक सुंदर प्रयास है।
