बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में आज दर्दनाक हादसे में डेढ़ साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई। घर के आंगन में खेलते समय बच्ची पानी से भरे टब में गिर गई। परिजन जब तक उसे संभाल पाते, तब तक उसकी हालत गंभीर हो चुकी थी। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। पूरा मामला नगर पंचायत डौंडीलोहारा के राजापारा का है।

जानकारी के मुताबिक, मृत बच्ची के पिता लक्की ठाकुर किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे। घर में बच्ची की मां, दादी, बड़ी मम्मी और परिवार के अन्य सदस्य मौजूद थे। इस दौरान मासूम घर के आंगन में खेल रही थी। खेलते-खेलते वह पानी से भरे टब में गिर गई। परिवार के सभी सदस्य अपने-अपने काम में व्यस्त थे, जिसके चलते किसी का ध्यान बच्ची पर नहीं गया।


कुछ देर बाद जब परिजनों की नजर बच्ची पर पड़ी, तब वह टब में छटपटा रही थी। परिजन आनन-फानन में उसे डौंडीलोहारा स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों की टीम ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। जिस घर का आंगन कुछ देर पहले तक मासूम की हंसी और किलकारियों से गूंजता था, वहां अब मातम पसरा हुआ है।

बच्ची की अचानक मौत से माता-पिता सदमे में हैं। वहीं परिवार के अन्य सदस्यों का भी रो-रोकर बुरा हाल है। इस घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही डौंडीलोहारा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *